विदेश

'हम आज तोशाखाना मामले में नहीं करेंगे हस्तक्षेप…' पाक के प्रधान न्यायाधीश का बड़ा बयान – Utkal Mail


इस्लामाबाद। पाकिस्तान के प्रधान न्यायाधीश उमर अता बंदियाल ने बुधवार को कहा कि इमरान खान के खिलाफ तोशाखाना भ्रष्टाचार मामले में निचली अदालत के फैसले में प्रथम दृष्टया ‘खामियां’ थीं। उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय मामले में हस्तक्षेप करने से पहले पूर्व प्रधानमंत्री की दोषसिद्धि और तीन साल की सजा के खिलाफ अपील पर इस्लामाबाद उच्च न्यायालय के आदेश का इंतजार करेगा। 

प्रधान न्यायाधीश की टिप्पणी तब आई जब उनकी अध्यक्षता वाली उच्चतम न्यायालय की तीन-न्यायाधीशों की विशेष पीठ ने पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) प्रमुख की तोशाखाना भ्रष्टाचार मामले में निचली अदालत की कार्यवाही के खिलाफ याचिका पर सुनवाई की। इस पीठ में न्यायमूर्ति मजहर अली अकबर नकवी और न्यायमूर्ति जमाल खान मंडोखाइल भी शामिल थे। इस्लामाबाद की एक निचली अदालत ने पांच अगस्त को सरकारी उपहारों का विवरण छिपाने से संबंधित एक मामले में खान को ‘भ्रष्ट आचरण’ का दोषी पाया और उन्हें तीन साल जेल की सजा सुनाई। 

फैसले का यह भी मतलब है कि वह पांच साल के लिए आम चुनाव लड़ने से अयोग्य हो गए। इसके बाद, 70 वर्षीय खान ने अपनी दोषसिद्धि और सजा के खिलाफ इस्लामाबाद उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। एक दिन पहले उच्च न्यायालय ने मामले को बृहस्पतिवार तक के लिए स्थगित कर दिया था। सुनवाई के दौरान शीर्ष अदालत ने ‘पीटीआई’ के वकील लतीफ खोसा और पाकिस्तान निर्वाचन आयोग (ईसीपी) के वकील अमजद परवेज की दलीलें सुनीं। 

दोनों पक्षों को सुनने के बाद, मुख्य न्यायाधीश बंदियाल ने कहा, ‘‘हम आज तोशाखाना मामले में हस्तक्षेप नहीं करेंगे… हम कल (बृहस्पतिवार) आईएचसी की सुनवाई देखेंगे और फिर कार्यवाही शुरू करेंगे।’’ शीर्ष न्यायाधीश ने हालांकि कहा: ‘‘प्रथम दृष्टया, निचली अदालत के फैसले में कमियां हैं।’’ यह मामला पिछले साल अक्टूबर में पाकिस्तान चुनाव आयोग (ईसीपी) की शिकायत पर शुरू किया गया था, जिसने पहले इसी मामले में खान को अयोग्य घोषित कर दिया था।

ये भी पढ़ें:- अमेरिका में भी Chandrayaan-3 की धूम, चंद्रयान-3 के चंद्रमा की सतह पर उतरने को लेकर भारतीय समुदाय उत्साहित


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button