भारत

कनाडा के निमंत्रण के बाद G-7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे मोदी, 15 से 17 तक अल्बर्टा में होगा सम्मेलन – Utkal Mail

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि वह इस माह कनाडा में होने वाले जी7 शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे। कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने पहली बार टेलीफोन पर हुई बातचीत में प्रधानमंत्री मोदी को यह निमंत्रण दिया। जी-7 शिखर सम्मेलन के संपर्क सत्र में शामिल होने के लिए मोदी को कार्नी से मिला निमंत्रण इस बात का संकेत है कि ओटावा एक खालिस्तानी आतंकवादी की हत्या के बाद नई दिल्ली के साथ द्विपक्षीय संबंधों में आए तनाव को दूर करने का इच्छुक है। यह शिखर सम्मेलन 15 से 17 जून तक कनाडा के अल्बर्टा प्रांत में आयोजित किया जाएगा।

मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी से फोन पर बात करके खुशी हुई। मैंने उन्हें कनाडा में हाल ही में हुए चुनाव में मिली जीत के लिए बधाई दी और इस महीने अल्बर्टा के कनानास्किस में होने वाले जी-7 शिखर सम्मेलन में आमंत्रित करने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, लोगों के बीच गहरे संबंधों से जुड़े दो जीवंत लोकतंत्रों के रूप में, भारत और कनाडा आपसी सम्मान और साझा हितों के मार्गदर्शन में नए उत्साह के साथ मिलकर काम करेंगे। शिखर सम्मेलन में हमारी मुलाकात को लेकर उत्सुक हूं। कनाडा की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक, मोदी और कार्नी ने दोनों देशों के बीच दीर्घकालिक रिश्तों पर चर्चा की। महत्वपूर्ण बात यह है कि दोनों नेताओं में कानून प्रवर्तन वार्ता और सुरक्षा चिंताओं पर चर्चा जारी रखने पर सहमति बनी।

कनाडा-भारत के रिश्तों में 2023 में आई खटास

कार्नी के पूर्ववर्ती जस्टिन ट्रूडो की सरकार के दौरान भारत और कनाडा के बीच 2023 में कई मुद्दों को लेकर संबंधों में खटास आ गई थी, जिनमें देश में खालिस्तानी अलगाववादियों की गतिविधियां भी शामिल थीं। ट्रूडो ने खालिस्तानी कट्टरपंथी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारत की संभावित संलिप्तता का आरोप लगाया था। भारत ने कनाडा की ओर से निज्जर की हत्या में भारतीय एजेंट की संलिप्तता का आरोप लगाए जाने के बाद पिछले साल अक्टूबर में ओटावा से अपने उच्चायुक्त और पांच अन्य राजनयिकों को वापस बुला लिया था। भारत ने कनाडा के छह राजनयिकों को भी निष्कासित कर दिया था।

यह भी पढ़ेः प्रयागराज के करेली क्षेत्र में लगी भीषण आग, रसूलपुर कब्रिस्तान के पास झुग्गी-झोपड़ियां जल कर खाक


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button