विदेश

सूडान में छह माह से जारी यु्द्ध में नौ हजार लोग मारे गए : संरा  – Utkal Mail


काहिरा। संयुक्त राष्ट्र के मानवीय अभियानों के प्रमुख ने रविवार को बताया कि सूडान की सेना और शक्तिशाली अर्धसैन्य बलों के बीच पिछले छह माह से जारी युद्ध में कम से कम नौ हजार लोग मारे गए हैं।

सूडान में अप्रैल से अराजकता का माहौल है और सैन्य प्रमुख जनरल अब्देल-फतह बुरहान और अर्धसैनिक बल ‘रैपिड सपोर्ट फोर्सेज’ के कमांडर जनरल मोहम्मद हमदान डगालो के बीच का तनाव संघर्ष के बाद युद्ध का रूप ले चुका है।

संयुक्त राष्ट्र के अवर महासचिव मार्टिन ग्रिफिथ्स ने एक बयान में कहा ,‘‘ छह माह से नागरिकों को खूनखराबे और आतंक से कोई राहत नहीं मिली है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ दुष्कर्म और यौन हिंसा की भयावह रिपोर्ट मिलना जारी है।

’’ प्रारंभ में लड़ाई खार्तूम तक ही सीमित थी लेकिन शीघ्र ही यह पूर्वी अफ्रीकी देश के अन्य इलाकों में भी फैल गई जिसमें दारफुर भी शामिल है। ग्रिफिथ्स ने कहा कि युद्ध में कथित तौर पर 9,000 लोग मारे गए हैं और लाखों लोग अपने घरों को छोड़ कर या तो देश में ही या पड़ोसी देशों में सुरक्षित स्थानों पर जाने को मजबूर हुए हैं।

उन्होंने कहा कि संघर्ष ने ‘‘समुदायों को अलग कर दिया है। लोगों के पास जीवन जीने के लिए जरूरी वस्तुओं तक का आभाव हैं। लाखों लोग भाग कर जिन देशों में गए हैं वहां भी मानवीय संकट पैदा हो गया है। संयुक्त राष्ट्र आव्रजन एजेंसी के अनुसार, सूडान के अंदर ही 45 लाख से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं जबकि 12 लाख से अधिक लोगों ने पड़ोसी मुल्कों में शरण ली हुई है।

ग्रिफिथ्स ने कहा कि संघर्ष के कारण कम से कम ढाई करोड़ लोगों को मानवीय मदद की जरूरत है। उन्होंने कहा कि देश में जारी संघर्ष के बीच राजधानी और देश के अन्य क्षेत्रों में हैजा फैलने की खबरें है। खार्तूम और कोर्डोफान तथा कादरिफ प्रांतों में हैजे के एक हजार से अधिक संदिग्ध मामले पाए गए हैं। 

ये भी पढ़ें : Israel-Hamas War : इजराइल की चेतावनी के बीच भोजन-पानी और सुरक्षित पनाह के लिए संघर्ष कर रहे हैं गाजा के नागरिक 

 


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button