भारत

दिल्ली में गोमांस बेचने के आरोप में दुकानदार की पिटाई, फोरेंसिक जांच के लिए भेजे गए नमूने   – Utkal Mail

नई दिल्ली। उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के विजय नगर इलाके में किराने की दुकान पर कथित तौर पर गाय का मांस बेचने के आरोप में एक व्यक्ति की कुछ लोगों ने पिटाई कर दी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दुकान से एकत्र मांस के नमूने फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिए गए हैं। पुलिस के अनुसार, मामले में शिकायतकर्ता विजय नगर निवासी 15 वर्षीय नाबालिग है, जिसने दावा किया कि उसने बुराड़ी के कौशिक एन्क्लेव निवासी चमन कुमार (44) की दुकान से 400 रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से मांस खरीदा था और बाद में उसे संदेह हुआ कि यह गाय का मांस है। 

पुलिस ने कहा कि संदिग्ध गोमांस की बिक्री की बात फैलने के बाद, विभिन्न संगठनों के सदस्य कुमार की दुकान के बाहर इकट्ठा हुए और उसके साथ मारपीट की। पुलिस ने बताया कि उसकी चिकित्सा जांच करायी जा रही है। उन्होंने बताया कि पीसीआर कॉल के बाद एक टीम को मौके पर भेजा गया। उन्होंने बताया कि घटनाक्रम को जानने के लिए आसपास के इलाके से सीसीटीवी फुटेज एकत्र कर उसकी समीक्षा की जा रही है। 

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “दुकान से मांस के नमूने जब्त कर लिए गए हैं और यह पता लगाने के लिए फोरेंसिक जांच के वास्ते भेज दिए गए हैं कि यह गाय का मांस है या नहीं।” अधिकारी ने कहा, “हम सभी कोणों से मामले की जांच कर रहे हैं। फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार है। पुलिस उसके निष्कर्षों के आधार पर कार्रवाई करेगी।” पुलिस ने बताया कि विजय नगर में स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए इलाके में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। 

ये भी पढ़े : PM के पंडाल में जाने वाले लोगों का होगा कोविड टेस्ट, मुंबई से मंगाई गई है कोरोना जांच के लिए दो सौ किट


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button