कोयंबटूर में सितंबर के पहले सप्ताह में ‘सेमोझी पूंगा’ की आधारशिला रख सकते हैं सीएम स्टालिन – Utkal Mail
कोयंबटूर। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन कोयंबटूर स्थित 150 साल से अधिक पुरानी केंद्रीय जेल के परिसर में सितंबर के पहले सप्ताह में थीम पार्क ‘सेमोझी पूंगा’ की आधारशिला रख सकते हैं। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। परियोजना के पहले चरण में ब्रिटिश कालीन जेल के परिसर में 45 एकड़ भूमि पर कई थीम आधारित उद्यान और एक सभागृह बनाया जाएगा। इसी जेल में स्वतंत्रता से पहले वी ओ चिदंबरम पिल्लै तथा अन्य स्वाधीनता सेनानियों को कैद रखा गया था।
यहां एक सूत्र ने एक न्यूज एजेंसी से कहा, ‘‘तमिलनाडु के मुख्यमंत्री कार्यालय को निमंत्रण भेजा गया है और मुख्यमंत्री सितंबर के पहले सप्ताह में परियोजना के पहले चरण की आधारशिला रख सकते हैं।’’ कोयंबटूर में 2010 में आयोजित विश्व शास्त्रीय तमिल सम्मेलन में तत्कालीन मुख्यमंत्री एम करुणानिधि ने परियोजना की घोषणा की थी।
कोयंबटूर के निगमायुक्त एम प्रताप ने बताया कि केंद्रीय जेल में इस समय 2,000 से अधिक कैदी बंद हैं जिनमें महिलाएं भी हैं। उन्होंने बताया कि कारामदई में एक नई जेल के लिए भूखंड आवंटित किया गया है और परियोजना के दूसरे चरण में जेल परिसर से सभी कैदियों के नई जेल में स्थानांतरित होने के बाद इसकी पुरानी इमारतों और बाकी परिसर को परियोजना का हिस्सा बनाया जाएगा।
ये भी पढे़ं- अगर तेलंगाना में कांग्रेस सत्ता में आई, तो ‘बिचौलिया युग’ शुरू हो जाएगा: के. चंद्रशेखर राव



