भारत

मोटरसाइकिल सवार दो लोगों ने संजय राउत के बंगले की 'रेकी' की, पुलिस ने जांच की शुरू  – Utkal Mail

मुंबई। मुंबई पुलिस ने शुक्रवार को दो मोटरसाइकिल सवार लोगों द्वारा शिवसेना (उद्धव बालासाबेह ठाकरे) नेता संजय राउत के भांडुप स्थित बंगले की कथित तौर पर रेकी किए जाने के मामले में जांच शुरू की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। 

एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना सुबह करीब नौ बजे राउत के ‘मैत्री’ बंगले के बाहर हुई। उन्होंने कहा, “दो व्यक्ति दोपहिया वाहन पर आए और कुछ देर के लिए राउत के बंगले के बाहर रुके और वहां से चले गए।” 

उन्होंने बताया कि बंगले के बाहर इंतजार कर रहे कुछ लोगों ने दोनों संदिग्धों को देखा और शिवसेना (उबाठा) सांसद के छोटे भाई और स्थानीय विधायक सुनील राउत को इसकी सूचना दी। 

अधिकारी ने बताया कि इसके तुरंत बाद पुलिस को सूचना दी गई। कांजुरमार्ग पुलिस थाने की एक टीम बंगले पर पहुंची और जांच शुरू की। उन्होंने कहा, “पुलिस बंगले में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है, जिसमें दो संदिग्ध दोपहिया वाहन पर दिखाई दे रहे हैं।” 

उन्होंने बताया कि संदेह है कि दोनों ने रेकी की थी। इसलिए उनके और उनके वाहन के बारे में जानकारी जुटाने के प्रयास जारी हैं। उनके अनुसार अभी तक इस संबंध में कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। अधिकारी ने कहा, “यदि विस्तृत जांच में कुछ भी गंभीर पाया गया तो संदिग्धों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा।” राउत को केंद्र और महाराष्ट्र में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकारों के मुखर आलोचक के रूप में जाना जाता है। 

ये भी पढ़ें-एक देश, एक चुनाव के लिए 39 सदस्यीय संयुक्त संसदीय समिति गठित, पीपी चौधरी हो सकते हैं अध्यक्ष 


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button