राजस्थान मंत्रिमंडल का विस्तार आज, जानें किन्हें मिल सकता है मौका – Utkal Mail
जयपुर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित राजस्थान में मंत्रिमंडल विस्तार शनिवार को होने की संभावना है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि नवनियुक्त मंत्री अपराह्न साढ़े तीन बजे राजभवन में एक समारोह में शपथ लेंगे। राज्यपाल कलराज मिश्र मंत्रियों को शपथ दिलाएंगे। शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां राजभवन में पहले से ही हो चुकी हैं।
नई भजनलाल सरकार में मंत्रिमंडल के चेहरों में सबसे मजबूत दावेदार में डॉ. किरोड़ीलाल मीणा, अनिता भदेल, ओटाराम देवासी, गुरवीर सिंह, जगत सिंह, जवाहर सिंह बेडम, बाबा बालकनाथ, जसवंत सिंह, जोगाराम पटेल, झाबर सिंह खर्रा, प्रताप भील, फूल सिंह मीणा, बाबू सिंह राठौड़, भागचंद टेकड़ा, मदन दिलावर, शंकर डेचा, हरलाल सहारण और विश्वनाथ मेघवाल शामिल हैं। इनमें किरोड़ीलाल मीणा, अनिता भदेल, बाबू सिंह राठौड़, मदन दिलावर, ओटाराम देवासी और जसवंत सिंह पहले मंत्री रह चुके हैं।
इस बीच, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मंत्रिमंडल विस्तार से पहले पार्टी आलाकमान से मिलने दिल्ली गए हैं। राज्य में विधानसभा की 200 में से 199 सीटों के लिए 25 नवंबर को मतदान हुआ। इसका परिणाम तीन दिसंबर को आया जिसमें भाजपा को पूर्ण बहुमत मिला। भाजपा के भजनलाल शर्मा ने 15 दिसंबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ दीया कुमारी व प्रेमचंद बैरवा को उपमुख्यमंत्री बनाया गया।
ये भी पढ़ें- लोगों में आम सहमति है कि देश को ‘मिली-जुली सरकार’ की जरूरत नहीं: PM मोदी