भारत

हिमाचल प्रदेश: नाथपा में भूस्खलन, मलबे में दबा हाईवे, लोग हुए परेशान – Utkal Mail


शिमला। हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन की दृष्टि से जनजातीय जिला किन्नौर संवेदनशील बनता जा रहा है। निगुलसरी के बाद अब नाथपा डैम के साथ पहाड़ी से भूस्खलन का सिलसिला शुरू हो गया है। शुक्रवार देर रात से पहाड़ी से लगातार भूस्खलन हो रहा है, जिस कारण देश की सीमा को जोड़ने वाला नेशनल हाईवे पांच करीब 200 मीटर तक मलबे से दब गया है। अब हाईवे बहाल होने में करीब तीन दिन का समय लगेगा जिससे लोग खासे परेशान हैं।

ये भी पढ़ें – कांग्रेस सरकार को गिराने के लिए BJP ऑपरेशन कमला का कर रही प्रयास : CM सिद्धारमैया

भूस्खलन के कारण किन्नौर सहित काजा और लाहौल स्पीति के हजारों लोगों को आवाजाही करने में खासी परेशानियां झेलनी पड़ेंगी। सामरिक दृष्टि से महत्पूर्ण नेशनल हाईवे पांच पर नाथपा डैम के साथ रात दो बजे से पहाड़ी से भूस्खलन का सिलसिला शुरू हो गया था, जो शनिवार को भी जारी रहा। पहाड़ी से भारी भूस्खलन के कारण नेशनल हाईवे पांच पर चट्टानों और मलबे का ढेर लग गया है। करीब दो सौ मीटर सड़क पूरी तरह से मलबे से ढक गई है।

ऐसे में समूचे किन्नौर जिले सहित काजा और स्पीति का संपर्क पूरी तरह से कट गया है। पहाड़ी से लगातार हो रहे भूस्खलन के कारण नेशनल हाईवे को बहाल करना चुनौतिपूर्ण बना हुआ है। जिले के लोगों को अब आवाजाही करने में भारी परेशानियां झेलनी पड़ेंगी। वहीं देश सीमा पर तैनात भारतीय सेना और आईटीबीपी के जवानों को भी रसद और आवश्यक सामग्री पहुंचाना मुश्किल हो जाएगा।

शनिवार को सूचना मिलते ही नेशनल हाईवे प्राधिकरण की मशीनें और मजदूर नाथपा पहुंचे, लेकिन पहाड़ी से भूस्खलन लगातार हो रहा है, जिस कारण नेशनल हाईवे को बहाल करना जोखिम भरा बना हुआ है। बहरहाल एनएच प्राधिकरण ने सड़क बहाली का कार्य रोक दिया है। प्राधिकरण की मानें तो यहां एनएच बहाल करने में अगले तीन दिन का समय लग जाएगा।

शनिवार को एनएच बाधित होने से शिमला और किन्नौर की ओर से सैकड़ों वाहन सड़क पर फंसे रहे। घंटों जाम की स्थिति बनी रही। दिनभर हजारों लोग परेशानियां झेलते रहे। हालांकि कुछ ग्रामीण जान जोखिम में डालकर सड़क पार कर रहे हैं। नेशनल हाईवे प्राधिकरण रामपुर के एक्सईएन केएल सुमन ने बताया कि नाथपा में पहाड़ी से भारी भूस्खलन होने के कारण सड़क का करीब 200 मीटर हिस्सा मलबे से ढक गया है।

लगातार हो रहे भूस्खलन के कारण सड़क बहाल करना मुश्किलों भरा बना हुआ है। स्थिति संभलते ही सड़क बहाली का कार्य शुरू किया जाएगा। मौके पर चार जेसीबी मशीनें और दर्जनों मजदूर तैनात किए गए हैं। 

ये भी पढ़ें – राहुल गांधी ने कहा- शहादत पर भेदभाव अग्निवीरों के बलिदान का अपमान


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button