भारत

चंडीगढ़ : महापौर चुनाव में भाजपा की जीत, हरप्रीत कौर बबला बनीं मेयर – Utkal Mail

चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को हुए चंडीगढ़ नगर निगम महापौर चुनाव में जीत हासिल की। वहीं, आप समर्थित कांग्रेस के प्रत्याशियों ने क्रमश: वरिष्ठ उप महापौर और उप महापौर पद अपने नाम की। महापौर चुनाव के लिए मुकाबला भाजपा और आम आदमी पार्टी (आप)-कांग्रेस गठबंधन के बीच था। आप महापौर पद के लिए लड़ रही थी, जबकि कांग्रेस वरिष्ठ उप महापौर और उप महापौर के पदों के लिए चुनाव लड़ रही थी। 

महापौर चुनाव में भाजपा उम्मीदवार हरप्रीत कौर बबला ने आम आदमी पार्टी (आप) की प्रत्याशी प्रेम लता को हराया। बबला को 19 और लता को 17 मत मिले। कुल 35 सदस्यीय नगर निगम सदन में आप और कांग्रेस गठबंधन के पास 20 मत थे, लेकिन इसके बावजूद वे महापौर पद पर जीत दर्ज नहीं कर सके। वरिष्ठ उप महापौर पद के लिए कांग्रेस उम्मीदवार जसबीर सिंह बंटी ने भाजपा की बिमला दुबे को 19-17 के अंतर से हराया। उप महापौर पद पर कांग्रेस की तरुणा मेहता ने भाजपा के लखबीर सिंह बिल्लू को 19-17 वोटों से मात दी। भाजपा की जीत पर पार्टी नेताओं ने इसे आप-कांग्रेस गठबंधन की नाकामी बताया। 

केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने इसे जनता द्वारा अरविंद केजरीवाल और कांग्रेस की ‘सुविधाजनक राजनीति’ को खारिज करने का संकेत बताया। चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष हरमोहींदर सिंह लक्की ने स्वीकार किया कि क्रॉस-वोटिंग हुई है। उन्होंने कहा कि वह आप उम्मीदवार प्रेमलता के हारने से असहज हैं। लक्की ने कहा, ‘‘ जिसने भी क्रॉस वोटिंग की होगी उसकी पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।’’ बृहस्पतिवार को पूर्वाह्न 11:20 बजे से दोपहर 12:19 बजे तक गुप्त मतदान हुआ। उच्चतम न्यायालय द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक सेवानिवृत्त न्यायाधीश जयश्री ठाकुर की निगरानी में चुनाव संपन्न हुआ।

ये भी पढ़ें- महाकुंभ भगदड़ : न्यायिक आयोग ने शुरू की मामले की जांच, एक महीने में सौंपेंगे रिपोर्ट


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button