'CM हिमंत को प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह रिमोट से कंट्रोल करते हैं', राहुल गांधी का भाजपा पर हमला – Utkal Mail
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 से पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी इन दिनों असम में ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ का नेतृत्व कर रहे हैं। जब से असम में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा दाखिल हुई है, तब सियासत गरमा गई है। इस दौरान कांग्रेस नेता भी असम के मुख्यमंत्री हिमन्त बिश्व शर्मा और भाजपा पर जमकर निशाना साध रहे हैं।
राहुल गांधी ने बुधवार को असम के बारपेटा जिले में एक रोड शो के साथ ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ फिर से शुरू की। इस दौरान शाम को असम के धुबरी में हुई जनसभा में विशाल जनसमूह उमड़ पड़ा। बुधवार को यात्रा करीब 140 किलोमीटर चली। इस दौरान राहुल गांधी ने धुबरी की जनसभा को संबोधित भी किया।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दावा किया कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह द्वारा ‘‘रिमोट-नियंत्रित’’ किया जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर शर्मा ने असम के हित की बात की तो उन्हें ‘‘बाहर कर’’ दिया जाएगा।
वहीं, ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में पैदा की जा रही बाधाओं को लेकर भाजपा पर हमला बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा सरकार यात्रा को रोकने का प्रयास कर रही है, हम पर केस लगाए जा रहे हैं, लेकिन उन्हें ये समझ नहीं आया कि राहुल गांधी ना असम के मुख्यमंत्री से डरता है और ना ही नरेंद्र मोदी और अमित शाह से डरता है।
उन्होंने ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमित शाह के पास शर्मा का रिमोट कंट्रोल है, अगर वह असम के हित के लिए कुछ भी बोलेंगे तो उन्हें तुरंत बाहर कर दिया जाएगा।’’
कांग्रेस सांसद ने बदरुद्दीन अजमल के नेतृत्व वाले ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) की भी आलोचना की और इसे ‘‘भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बी टीम’’ करार दिया। राहुल ने कहा कि कांग्रेस आगामी लोकसभा चुनावों के साथ-साथ असम में विधानसभा चुनावों में भाजपा और एआईयूडीएफ, दोनों को हराएगी।
राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की थी। इस यात्रा का लक्ष्य भारत को जोड़ने का था। भाजपा-आरएसएस ने देश में जो हिंसा, नफरत और डर फैला रखा है, उसे मिटाने का था।
उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस पार्टी मणिपुर से महाराष्ट्र तक ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ कर रही है। भारत जोड़ो में कांग्रेस ने इस बार ‘न्याय’ शब्द जोड़ दिया है। नफरत और हिंसा तभी होती है, जब देश में अन्याय होता है। जब देश, परिवार और शहर में न्याय होता है, तो नफरत और हिंसा वहां नहीं दिखाई देती है।
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर असम के मुख्यमंत्री को घेरते हुए राहुल गांधी ने कहा कि असम में भी अन्याय हो रहा है। देश का सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री असम का है। असम के मुख्यमंत्री कहते हैं कि पिछड़े और दलित वर्ग के लोग सामान्य वर्ग के लोगों की सेवा करने के लिए पैदा हुए हैं। वे एक धर्म को दूसरे धर्म से लड़ाते हैं और फिर जनता का ध्यान भटकाकर पूरा धन छीन लेते हैं।
राहुल ने कहा कि असम में भाजपा अकेले नहीं लड़ती है। भाजपा के सबसे बड़े पार्टनर अजमल हैं। हर सिक्के के दो पहलू होते हैं। सिक्के का एक पहलू मोदी, अमित शाह और असम के सीएम हैं। सिक्के का दूसरा पहलू अजमल हैं। असम के सीएम जो भी कहते हैं, वह अजमल करते हैं। असम में कांग्रेस पार्टी सिर्फ बीजेपी से ही नहीं, उसकी B टीम अजमल के खिलाफ भी लड़ रही है।
ये भी पढ़ें- राहुल गांधी को लोकसभा चुनाव के बाद गिरफ्तार किया जाएगा: हिमंत विश्व शर्मा



