Thailand Open : सात्विक-चिराग की जोड़ी थाईलैंड ओपन के फाइनल में पहुंची – Utkal Mail

बैंकॉक। विश्व रैंकिंग में तीसरे स्थान पर काबिज सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय पुरुष युगल ने शनिवार को यहां चीनी ताइपे के लू मिंग-चे और तांग काई-वेई की जोड़ी पर सीधे गेम में आसान जीत के साथ थाईलैंड ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश किया।
एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता सात्विक और चिराग को सुपर 500 स्तर के इस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल को जीतने में महज 35 मिनट का समय लगा। उन्होंने 21-11 21-12 से आसान जीत दर्ज की। टूर्नामेंट में शीर्ष वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी के सामने खिताबी मुकाबले में चेन बो यांग और लियू यी की जोड़ी की चुनौती होगी। चीन की इस जोड़ी ने दूसरे सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया के किम गी जंग और किम सा रंग की जोड़ी को 21-19 21-18 से हराया।
सिफत, नीरज ने ओलंपिक चयन ट्रायल जीते
भोपाल। सिफत कौर सामरा ने ओलंपिक चयन ट्रायल (ओएसटी) तीन और चार में महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस स्पर्धा तीसरी बार जीत ली जबकि नीरज कुमार ने पुरूष वर्ग में दूसरी बार जीत दर्ज की । सिफत ने महिलाओं की थ्री पोजिशंस ट्रायल 4 में 461 . 3 स्कोर करके निच्छल को एक अंक से हराया । वहीं आशी चौकसी तीसरे , श्रियांका साडंगी चौथे और अंजुम मोद्गिल पांचवें स्थान पर रही । पुरूष वर्ग में नीरज ने 462 . 9 स्कोर करके पहला स्थान हासिल की । चैन सिंह दूसरे , ऐश्वर्य तोमर तीसरे , स्वप्निल कुसाले चौथे और अखिल श्योराण पांचवें स्थान पर रहे ।
चार ट्रायल में तीन जीतकर सिफत इस वर्ग में शीर्ष रही जबकि अंजुम दूसरे स्थान पर रही । पुरूष वर्ग में ऐश्वर्य तोमर और कुसाले पहले दो स्थान पर रहे । पुरूष और महिला वर्ग के 10 मीटर एयर राइफल और एयर पिस्टल ट्रायल 4 भी शनिवार को हुए । पुरूष वर्ग में श्री कार्तिक राज शीर्ष रहे तो महिला वर्ग में रमिता जिंदल ने बाजी मारी । पिस्टल वर्ग में मनु भाकर शीर्ष रही जबकि पुरूष वर्ग में सरबजोत सिंह ने पहला स्थान हासिल किया । अब चार दौर के बाद मनु और रिदम सांगवान शीर्ष दो स्थानों पर है जबकि पुरूष वर्ग में सरबजोत और अर्जुन सिंह चीमा पहले दूसरे स्थान पर हैं ।
ये भी पढ़ें : T20 World Cup : IPL फाइनल से पहले न्यूयॉर्क रवाना होंगे भारतीय खिलाड़ी, जानें लिस्ट में किन-किन का नाम



