42 देशों का दौरा कर चुके हैं, लेकिन मणिपुर नहीं गए, खरगे ने PM मोदी पर बोला हमला, लगाया यह आरोप – Utkal Mail

मैसुरु। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर संविधान की ‘‘हत्या करने’’ का आरोप लगाया और कहा कि देश के लोग भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) को इसमें बदलाव नहीं करने देंगे।
खरगे ने मणिपुर हिंसा पर प्रधानमंत्री मोदी की चुप्पी को लेकर सवाल उठाया और कहा, ‘प्रधानमंत्री 42 देशों का दौरा कर चुके हैं, लेकिन मणिपुर एक बार भी नहीं गए।’ उन्होंने कहा कि देश का पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर एक साल से ज्यादा समय से हिंसा से जूझ रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री ने वहां जाकर लोगों का दुख बांटना जरूरी नहीं समझा। उन्होंने कहा, ’42 देशों में घूम आए, मगर मणिपुर जाना जरूरी नहीं समझा। क्या मणिपुर भारत का हिस्सा नहीं है?’
खरगे कर्नाटक सरकार द्वारा आयोजित एक विशाल सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे, जहां मैसुरु के लिए 2,500 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया। खरगे ने चेतावनी देते हुए कहा, ‘‘भाजपा और आरएसएस संविधान में संशोधन या उसे फिर से लिखने की बात कर रहे हैं। आप चाहे जितनी कोशिश कर लें, इस देश के लोग आपको संविधान में बदलाव नहीं करने देंगे। अगर आप (लोग) उन्हें संविधान बदलने देंगे, तो आपके पास कोई अधिकार नहीं बचेगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मोदी, आप संविधान की बदौलत मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री बने, संसद में प्रवेश करने से पहले आपने संविधान को नमन किया, लेकिन मोदी आज उसी संविधान की हत्या कर रहे हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा और आरएसएस हर दिन इस संविधान को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं।’’
खरगे ने अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी पर 42 देशों की यात्रा करने लेकिन हिंसा प्रभावित मणिपुर नहीं जाने के लिए निशाना साधा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सिद्धरमैया, उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार और राज्य सरकार के कई मंत्री मौजूद थे।
रॉबर्ट वाद्रा के खिलाफ ईडी की कार्रवाई गांधी परिवार बदनाम करने का प्रयास
मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को रॉबर्ट वाद्रा के खिलाफ ईडी के आरोपपत्र को गांधी परिवार की छवि खराब करने तथा कांग्रेस पार्टी को निशाना बनाने का प्रयास करार दिया। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने हरियाणा के शिकोहपुर में एक भूमि सौदे में कथित अनियमितताओं से जुड़े धनशोधन मामले में बृहस्पतिवार को कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा के पति और कारोबारी रॉबर्ट वाद्रा के खिलाफ आरोपपत्र दायर किया।
खरगे ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘वाद्रा के साथ जो कुछ हुआ है, वह एक व्यक्ति से बदला लेने के लिए, एक पार्टी को निशाना बनाने के लिए किया गया है। वे यह सब कर रहे हैं। यह वाद्रा और गांधी परिवार को बदनाम करने की कोशिश के तहत किया जा रहा है। वे इसमें कभी कामयाब नहीं होंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘वाद्रा को परेशान किया जाना ठीक नहीं है। हम सभी उनके अच्छे काम का समर्थन करते हैं।’’ कांग्रेस पर ‘‘भूमि जिहाद’’ का समर्थन करने के भाजपा के आरोप पर कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘मुझे नहीं पता कि भूमि जिहाद क्या है। अगर वे मेरे खिलाफ कोई कार्रवाई करना चाहते हैं, तो स्वागत है, उन्हें करने दीजिए। जब भी वे कार्रवाई करेंगे, मैं उसका जवाब दूंगा।’’