भारत

PM मोदी ने साधा सपा और कांग्रेस पर निशाना, कहा- विपक्ष को पाकिस्तान का दुख सहन नहीं होता – Utkal Mail

वाराणसी। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का श्रेय सैन्य बलों के साथ देश की एकता के जज्बे को देते हुये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि आतंकियों और उनके रहनुमा का सामना करते समय भारत शिव के रुद्र रूप में सामने आता है। अपने संसदीय क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे पीएम मोदी ने यहां लगभग 2183.45 करोड़ की 52 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर सेवापुरी में एक जनसभा को संबोधित करते हुये उन्होने कहा कि जो भारत पर संप्रभुता पर वार करेगा, वह कहीं नहीं बचेगा।

उन्होंने कहा “ऑपरेशन सिंदूर से कुछ लोगों को तकलीफ हुई। कांग्रेस और उनके सहयोगियों को यह दुख दे रहा है। आपने देखा होगा कि आतंक के ठिकानों को खंडहर बना दिया गया। पाकिस्तान का दुख कांग्रेस और सपा को सहन नहीं होता। वे आतंकियों के लिए आंसू बहाते हैं। ऑपरेशन सिंदूर को इन्होंने तमाशा कहा, लेकिन क्या सिंदूर कभी तमाशा हो सकता है। सपा और कांग्रेस की निर्लज्जता एक जैसी है। उनके नेता संसद में कहते हैं कि आतंकियों को मारने की बजाय भागने का मौका देना चाहिए। यही लोग आतंकियों को क्लीन चिट देते थे। यह नया भारत है, जो दुश्मनों के सामने काल भैरव बन जाता है। सेना के पराक्रम को पूरी दुनिया ने देखा। आत्मनिर्भर भारत की ताकत भी सभी ने जानी। पाकिस्तान में ब्रह्मोस मिसाइल की गूंज से नींद उड़ जाती है।”

पीएम मोदी ने कहा कि दस करोड़ किसान भाइयों के खातों में 21,000 करोड़ रुपये स्थानांतरित किए गए। जब काशी से यह राशि भेजी जाती है, तो यह प्रसाद बन जाता है। दो हजार करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ। विकास की धारा मां गंगा की अविरल धारा के साथ आगे बढ़ रही है। काशी में सांसद गाइड प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें लोग कौशल विकास से जुड़े। कई अन्य आयोजन भी होने वाले हैं। उन्होने कहा “ मैं सरकार के सभी लोगों और अधिकारियों को बधाई देता हूं। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वालों को शुभकामनाएं। हमारी सरकार किसानों के लिए समर्पित है। पिछली सरकारें घोषणाएं तो करती थीं, लेकिन उन्हें पूरा नहीं करती थीं। भाजपा सरकार जो कहती है, वह करती है।

पीएम मोदी ने कहा “ जब प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि शुरू हुई, तो सपा और विपक्षी दल अफवाहें फैलाते थे कि जमा पैसा मोदी निकाल लेगा। ये लोग झूठ बोलते हैं। इस योजना के तहत अब तक साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक किसानों के खातों में जमा किए जा चुके हैं। उत्तर प्रदेश के ढाई करोड़ किसानों को 90,000 करोड़ रुपये और काशी के किसानों को 900 करोड़ रुपये मिले। आपने ऐसा सांसद चुना, जिसके कारण यह राशि बिना किसी कमीशन या हेराफेरी के सीधे खातों में पहुंची। व्यवस्था में कोई रिसाव नहीं है। विकास का मंत्र है। जो जितना पिछड़ा, उसे उतनी प्राथमिकता।”

उन्होंने कहा कि कम कृषि उत्पादन वाले क्षेत्रों पर भी ध्यान दिया जा रहा है। एनडीए सरकार किसानों के जीवन में बदलाव के लिए पूरी ताकत से काम कर रही है। मौसम की चुनौतियों से निपटने के लिए पीएम फसल बीमा योजना शुरू की गई, जिसके तहत डेढ़ लाख करोड़ रुपये से अधिक का क्लेम दिया जा चुका है। सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य मिले। न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में वृद्धि की गई है। देशभर में हजारों नए गोदाम बनाए जा रहे हैं। कृषि अर्थव्यवस्था में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर है।

प्रधानमंत्री ने कहा “ तीन करोड़ लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य है, जिसमें से एक करोड़ से अधिक बन चुकी हैं। सपा वाले यह आंकड़ा सुनकर साइकिल लेकर भाग जाएंगे। आधुनिक कृषि अनुसंधान को खेतों तक पहुंचाने का प्रयास जारी है। कृषि हालांकि राज्य का विषय है, लेकिन केंद्र सरकार ने भी इस दिशा में कदम उठाए हैं। 55 करोड़ लोगों के जन धन खाते खोले गए। दस साल बाद इन खातों का केवाईसी कराना जरूरी है। मैंने इस जिम्मेदारी को उठाया और बैंकों को निर्देश दिया कि 1 जुलाई से ग्राम पंचायतों तक अभियान चलाकर लोगों के केवाईसी पूरे करें। जिनके जन धन खाते हैं, वे केवाईसी करा लें और इस कैंप का लाभ उठाएं। कई योजनाओं का पंजीकरण भी हो रहा है। बीमा का खर्च चाय के खर्च से भी कम है। इन योजनाओं से अवश्य जुड़ें। भाजपा और एनडीए के प्रतिनिधि इस अभियान के प्रति लोगों को जागरूक करें।”

यह भी पढ़ेंः पहलगाम के अपराधियों को ‘मिट्टी में मिलाने’ और दुश्मन के घर में घुसकर खात्मा करने का माद्दा रखता है नया भारतः CM योगी


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button