खेल

AUS vs PAK : जसप्रीत बुमराह का सामना करना नामुमकिन जैसा, ट्रेविस हेड ने कहा 'एक्स फैक्टर – Utkal Mail

पर्थ। भारत के खिलाफ श्रृंखला से पहले आस्ट्रेलियाई क्रिकेट जगत में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को लेकर चर्चायें शुरू हो गई है जिन्हें ऑस्ट्रेलिया के आक्रामक बल्लेबाज ट्रेविस हेड ने ‘एक्स फैक्टर’ कहा तो पूर्व तेज गेंदबाज ब्रेट ली ने कहा कि बिल्ली की तरह दबे पांव आकर कमाल कर जाता है। बुमराह शुक्रवार से यहां शुरू हो रहे पहले टेस्ट में भारत की कप्तानी करेंगे।

ऑस्ट्रेलिया के मौजूदा और पूर्व क्रिकेटरों ने श्रृंखला से पहले उनकी तारीफों के पुल बांधे हैं। स्थानीय मीडिया के अनुसार सत्तर के दशक में वेस्टइंडीज तेज आक्रमण के स्वर्णिम दौर के बाद पहली बार किसी तेज गेंदबाज ने आस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को भयाक्रांत कर दिया है। बुमराह ने पिछले दो टेस्ट दौरों पर आस्ट्रेलिया के खिलाफ 32 विकेट लिये थे जिसमें 2018 बॉक्सिंग डे टेस्ट पर लिये गए छह विकेट शामिल हैं। 

हेड ने ‘फॉक्स क्रिकेट’ से कहा, उसका सामना करना नामुमकिन जैसा है। आपको लगता है कि आप एक कदम आगे हैं लेकिन हमेशा वह आपसे एक कदम आगे निकलता है। उन्होंने कहा, खेल के किसी भी प्रारूप में वह अद्भुत है। वह एक्स फैक्टर है और हर मैच में छाप छोड़ने वालों में से है। बड़े मैचों में आपको बड़े खिलाड़ी चाहिये और वह सबसे बड़ा है। वह बल्लेबाजों की परेशानी का सबब बनने वाला है। बुमराह का गेंदबाजी एक्शन पारंपरिक नहीं है और ब्रेट ली ने मजाकिया अंदाज में कहा, वह बिल्ली की तरह दबे पांव आता है।

बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने कहा, जब मैने पहली बार बुमराह का सामना किया तो मुझे लगा कि अरे यह अचानक कहां से आ गया। उसके एक्शन और गेंद छोड़ने के तरीके की वजह से वह थोड़ा जल्दी आता है। मिचेल जॉनसन की तरह। बुमराह के खिलाफ विभिन्न प्रारूपों में 56 . 67 की औसत से रन बनाने वाले स्टीव स्मिथ ने कहा, उसका एक्शन थोड़ा अलग है। उसकी आदत बनाने में समय लगता है। हमने उसके खिलाफ इतना खेल लिया है लेकिन अभी भी उसके सामने लय पकड़ने में समय लगता है।

ये भी पढ़ें : Border–Gavaskar Trophy : बल्लेबाजी में बदलाव से फॉर्म में लौटे एलेक्स कैरी, जोश इंगलिस को बताया ऊर्जावान खिलाड़ी


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button