भारत

राहुल गांधी की आज कोर्ट में पेशी, अमित शाह के खिलाफ की थी अपमानजनक टिप्पणी, जानें पूरा मामला – Utkal Mail

रांची। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी वर्ष 2018 में एक रैली के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी से जुड़े एक मामले में बुधवार को झारखंड के चाईबासा स्थित सांसद-विधायक (एमपी-एमएलए) अदालत में पेश होंगे। कांग्रेस के एक नेता ने यह जानकारी दी। गांधी के निर्धारित आगमन से पहले पश्चिमी सिंहभूम के जिला मुख्यालय चाईबासा में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अनुमंडल अधिकारी (एसडीओ) (सदर) संदीप अनुराग टोपनो ने बताया कि पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन ने गांधी की यात्रा के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की है।

टोपनो ने बताया कि टाटा कॉलेज ग्राउंड में एक हेलीपैड बनाया गया है, जहां बुधवार सुबह 10 बजे के आसपास राहुल गांधी का हेलीकॉप्टर उतरेगा। एसडीओ ने कहा, ‘‘उनके सुबह 10 बजकर 40 मिनट पर अदालत में पेश होने की संभावना है और अदालती कार्यवाही के बाद वह रांची लौट जाएंगे।’’ गांधी ने दो जून को झारखंड उच्च न्यायालय में विशेष अदालत के उस आदेश को चुनौती दी थी, जिसमें उन्हें 26 जून को पेश होने का निर्देश दिया गया था। कांग्रेस सांसद के वकील ने 10 जून को उच्च न्यायालय को सूचित किया था कि उनके मुवक्किल निर्धारित दिन पर पेश नहीं हो पाएंगे और इसके बजाय उन्होंने छह अगस्त की अगली तारीख देने का अनुरोध किया था। उच्च न्यायालय ने उनके अनुरोध को स्वीकार कर लिया था।

राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का मामला प्रताप कुमार नामक व्यक्ति द्वारा दायर किया गया है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि उन्होंने 2018 में चाईबासा में आयोजित एक रैली के दौरान शाह के खिलाफ मानहानिपूर्ण बयान दिए थे। कुमार ने चाईबासा में मजिस्ट्रेट की अदालत में दायर अपनी याचिका में आरोप लगाया था कि गांधी के बयान मानहानिकारक थे और जानबूझकर शाह की छवि खराब करने के इरादे से दिए गए थे। लोकसभा में विपक्ष के नेता गांधी वरिष्ठ आदिवासी नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए मंगलवार को झारखंड पहुंचे थे।

यह भी पढ़ेंः ब्राजील के राष्ट्रपति ने ठुकराया ट्रंप का ऑफर, कहा- ट्रंप को फोन क्यों करूं, मैं PM मोदी से बात करूंगा… टैरिफ विवाद को लेकर विश्वभर में मची हलचल


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button