नूंह में प्रशासन का बड़ा फैसला, शिव मंदिर जाने पर दो दिन की रोक, जलाभिषेक के लिए पास जरूरी – Utkal Mail
चंड़ीगढ़। हरियाणा के नूंह में हिंदू संगठन एक बार फिर ब्रजमंडल यात्रा को लेकर अड़े हुए हैं और 28 अगस्त को फिर से यात्रा निकालने का ऐलान कर दिया है। लेकिन अभी तक प्रशासन इसकी इजाजत नहीं दी है। इस बीच नूंह में प्रशासन का बड़ा फैसला लिया है। प्रशासन ने बताया कि यात्रा के ऐलान के मद्देनजर दो दिन तक नल्हड़ महादेव शिव मंदिर जाने पर रोक लगाई गई है।
जानकारी के मुताबिक, हिन्दू संगठनों के ऐलान के बाद पुलिस-प्रशासन ने मुस्तैद हो गई है। नूंह के नल्हड़ महादेव शिव मंदिर जाने पर दो दिन की रोक लगाई गई है। साथ ही आम आदमी और मीडिया को भी मंदिर जाने की इजाजत नहीं दी गई है। मंदिर प्रशासन और पुलिस की तरफ से अनुमति पास जारी किए जाएंगे। वही लोग मंदिर में जाकर जलाभिषेक कर सकते हैं। नूंह में इस समय ITBP, CRP और हरियाणा पुलिस का पहरा है। सुरक्षाबलों को हर घटनाक्रम पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
इससे पहले नूंह की ब्रज मंडल यात्रा पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का बड़ा बयान सामने आया था। उन्होंने कहा था कि महीने की शुरुआत में वहां (नूंह) जिस तरह की घटना हुई, उसे देखते हुए यह सुनिश्चित करना सरकार का कर्तव्य है कि इलाके में कानून-व्यवस्था बनी रहे। हमारी पुलिस और प्रशासन ने यह निर्णय लिया है कि लोग यात्रा (ब्रज मंडल शोभा यात्रा) निकालने के बजाय पास के मंदिरों में जाएं और पूजा करें। यात्रा की अनुमति नहीं दी गई है लेकिन लोग जा सकते हैं और मंदिरों में पूजा-अर्चना कर सकते हैं क्योंकि यह सावन का महीना है।
ये भी पढ़ें- नूंह में ब्रजमंडल यात्रा पर बोले CM खट्टर- ‘नहीं दी गई अनुमति, मंदिरों में सिर्फ जलाभिषेक कर सकेंगे श्रद्धालु’



