खुशहाल बोकारो अभियान द्वारा सेक्टर वन में भव्य सांस्कृतिक संध्या आयोजित
बोकारो: खुशहाल बोकारो अभियान केंद्र सेक्टर 1 सी 193 में शुक्रवार की शाम भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एनआरआई व बोकारो की बेटी-बहू सुषमा रानी झा को ग्लोबल कल्चरल सोशल एंबेसडर का ताज पहनाया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि झारखंड सरकार के निदेशक, पशुपालन विभाग शशि प्रकाश झा, विशिष्ट अतिथि सीआरपीएफ के सेकंड इन कमान्डेंट सुनील कुमार राही, बीपीएससीएल के सीईओ की पत्नी सीमा ठाकुर, खुशहाल बोकारो के संस्थापक अमरेंद्र कुमार झा, सखी बहिनपा मैथिलानी समूह के बोकारो एडमिन एवं मिथिला गर्ल्स वर्ल्ड की अमिता झा, मृणालिका की अध्यक्ष उषा प्रसाद, सचिव नीलम सिंह ने संयुक्तरुप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
स्वागत भाषण में खुशहाल बोकारो के संस्थापक अमरेन्द्र झा ने कहा कि बोकारो को पुनः देश के टॉप 5 शहरों में लाने के लिए बोकारो स्टील प्लांट के निदेशक प्रभारी अमरेन्दु प्रकाश जी द्वारा सामाजिक-सांस्कृतिक संस्थाओं से सहयोग की अपील के आलोक में खुशहाल बोकारो अभियान चलाया जा रहा है। बोकारो का विकास हर क्षेत्र में हो और यह देश के टॉप 5 शहरों में पुनः शुमार हो यही खुशहाल बोकारो अभियान का संकल्प व ध्येय है। श्री झा ने कहा कि इसी कड़ी में इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। अमेरिका में रहकर संगीत व सामाजिक कार्यों में अपनी पहचान बनाने वाली बोकारो की बेटी व बहू सुषमा रानी झा को खुशहाल बोकारो अभियान का ग्लोबल कल्चरल सोशल एंबेसडर बनाया गया है।
मुख्य अतिथि शशि प्रकाश झा ने कहा कि बोकारो की एक विशिष्ट पहचान है और इसके चहुंमुखी विकास के लिए खुशहाल बोकारो अभियान प्रशंसनीय प्रयास है। औद्योगिक, शिक्षा, सामाजिक व सांस्कृतिक क्षेत्र में बोकारो और प्रगति करे इसके लिए उन्होंने शुभकामनाएं दीं। सुषमा झा ने बोकारो से जुड़ी यादें साझा कीं और ब्रांड एंबेसडर बनाए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि वह इस दायित्व का निर्वहन पूरी तरह करने के लिए प्रयत्नशील रहेंगी।
इस अवसर पर अमेरिका से पधारी सुषमा रानी झा ने ‘मुरलिया बाजे हो जमुना के तीर….’ व उनके पति सुप्रसिद्ध गायक अजय झा ने ‘छाप तिलक सब छीनी रे मोसे नैना मिलाइके…’, बोकारो के प्रसिद्ध गायक अरुण पाठक ने गणेश वंदना ‘गाइए गणपति जगवंदन…’, ‘अपन मिथिला के गाथा हम सुनू एखने सुनाबै छी…’, ‘कोहबर सजा राखू हम गाम आबै छी…..’, उमेश कुमार झा ने गज़ल, सखी बहिनपा की उषा झा, जयंती पाठक, संगीता मिश्रा, नूतन झा व सुजाता झा ने स्वागत गीत ‘मंगलमय दिन आजु हे पाहुन छथि आयल…’ तथा राखी झा, शेफालिका सिंह व प्रीति राय ने नृत्य की मनोहारी प्रस्तुति से सबको आनंदित किया। मंच संचालन कुंदन सिंह ने किया। इस अवसर पर मंतोष पाठक, शंभुनाथ झा, आर एन ओझा, श्रवण कुमार झा, शंभु झा, प्रो शशि शेखर पाठक, किशु सिंह, रितु, सरोज प्रिया, डी के झा, पं. बच्चनजी महाराज, जगदीश बाबला, नरेन्द्र गुप्ता सहित काफी संख्या में संगीत प्रेमी श्रोता उपस्थित थे।