मोरक्को में भीषण भूकंप, करीब 300 लोगों की मौत, 6.8 रही तीव्रता – Utkal Mail
रबात। मोरक्को में बीती रात भूकंप के शक्तिशाली झटके महसूस किये गये और करीब 300 लोगों की मौत हो गयी। बीबीसी ने मोरक्को के गृह मंत्रालय के हवाले से अपनी रिपोर्ट में बताया कि भूकंप से कम से कम 296 लोगों की जानें गयी है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के मुताबिक स्थानीय समयानुसार 23.11 बजे आये भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.8 मापी गयी। भूकंप का केंद्र मराकेश से 71 किलोमीटर (44 मील) दक्षिण-पश्चिम में एटलस पर्वत में 18.5 किलोमीटर की गहराई में स्थित था।
सोशल मीडिया एक्स पर प्रसारित एक वीडियो क्लिप में क्षतिग्रस्त इमारतों और सडकों पर बिखरा मलबा और लोगों को घबराकर भागते हुए दिखाया गया है। रिपोर्ट के अनुसार एक स्थानीय निवासी ने बताया कि मराकेश के पुराने शहर में कुछ इमारतें ढह गई हैं। हालांकि मीडिया ने एक्स पर दिखाई गई वीडियो क्लिप की सत्यता की पुष्टि नहीं की है। एक अन्य व्यक्ति ने बताया कि भूकंप से लोग दहशत में घरों से बाहर सड़को पर आ गये।
भूकंप के झटका इतना शक्तिशाली था कि बड़ी-बड़ी इमारते हिल रही थी। बिजली और फोन लाइनें 10 मिनट तक बंद रहीं। उन्होंने बताया कि इमारत ढहने से कई लोग मलबे में फंसे हुए है। घायल लोगों को अस्पताल ले जाया गया है। भूकंप के झटके कैसाब्लांका और एस्सौइरा में भी महसूस किए गए। दूरदराज के इलाकों में जानमाल के नुकसान का अभी पता नहीं चल सका है।
ये भी पढ़ें- स्पेन के राष्ट्रपति कोरोना वायरस से संक्रमित, जी20 शिखर सम्मेलन में नहीं लेंगे भाग



