चंद्रबाबू नायडू से मुलाकात के बाद बोले पवन कल्याण, 'अगले चुनाव में साथ लड़ेगी जनसेना और तेदेपा' – Utkal Mail
राजमहेंद्रवरम (आंध्र प्रदेश)। जनसेना पार्टी और तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) अगला चुनाव साथ मिलकर लड़ेगी क्योंकि आंध्र प्रदेश, युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) सरकार को और बर्दाश्त नहीं कर सकता। पार्टी प्रमुख पवन कल्याण ने यहां बृहस्पतिवार को यह बात कही। तेदेपा प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू से मुलाकात के बाद राजमहेंद्रवरम केंद्रीय कारागार के बाद उन्होंने यह घोषणा की।
ये भी पढ़ें- एक व्यक्ति ने बेटे, बहू और पोते को लगाई आग, वजह जानकर थर्रा जाएगी रूह
नायडू करोड़ों रुपये के कौशल विकास निगम घोटाले में अपनी कथित भूमिका के लिए राजमहेंद्रवरम जेल में बंद हैं। दक्षिणी राज्य में कभी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की साझेदार रही जनसेना पार्टी के प्रमुख कल्याण ने कहा कि वह आगामी चुनाव में जनसेना और तेदेपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ने के कयासों के सवाल पर लंबे अरसे से टालमटोल कर रहे थे लेकिन नायडू की गिरफ्तारी के मद्देनजर उन्हें अपना रुख स्पष्ट करना पड़ा। उन्होंने कहा, ”आंध्र प्रदेश वाईएसआरसीपी को और बर्दाश्त नहीं कर सकता। आज मैंने यह फैसला कर लिया।”
नायडू के बेटे व पार्टी महासचिव नारा लोकेश और हिंदूपुर के विधायक व नायडू के संबंधी नंदमुरी बालकृष्ण के साथ पहुंचे कल्याण ने संवाददाताओं को बताया, ” जनसेना और तेदेपा अगला चुनाव साथ मिलकर लड़ेंगी।” पूर्व मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी की निंदा करते हुए कल्याण ने कहा कि वह सिर्फ गिरफ्तारी की निंदा और अपना रुख स्पष्ट करके नहीं जाएंगे। जेल में नायडू के साथ अपनी मुलाकात को उन्होंने आंध्र प्रदेश के लिए एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम करार दिया।
ये भी पढ़ें- पद्म पुरस्कारों के लिए 15 सितंबर तक स्वीकार किए जाएंगे सुझाव और नामांकन