India vs England 1st Test: ऋषभ पंत ने तोड़ा रोहित शर्मा का रिकॉर्ड, WTC में रचा इतिहास – Utkal Mail

India vs England 1st Test: हेडिंग्ले में भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहली पारी में 471 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल और ऋषभ पंत के शतकों ने भारत को इस मजबूत स्थिति तक पहुंचाया। पंत ने अपनी पारी में 6 छक्के लगाकर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में भारत के लिए सबसे ज्यादा छक्के जड़ने का रिकॉर्ड अपने नाम किया।
ऋषभ पंत ने बनाया नया कीर्तिमान
ऋषभ पंत ने शुरू से ही आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और इंग्लिश गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। उन्होंने 178 गेंदों में 134 रन बनाए, जिसमें 12 चौके और 6 छक्के शामिल थे। पंत ने अपना शतक एक शानदार छक्के के साथ पूरा किया। इस पारी के साथ ही उन्होंने WTC में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। ऋषभ पंत के अब तक WTC में 62 छक्के पूरे हो चुके हैं, जिससे उन्होंने रोहित शर्मा के 56 छक्कों का रिकॉर्ड तोड़ कर उन्हें पीछे छोड़ दिया है। रोहित टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। इस उपलब्धि के साथ पंत WTC में भारत के शीर्ष छक्के जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
टेस्ट क्रिकेट में पंत का शानदार रिकॉर्ड
ऋषभ पंत भारत के सर्वश्रेष्ठ टेस्ट विकेटकीपर बल्लेबाजों में से एक हैं। उन्होंने 2018 में टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया था और 7 साल बाद वह भारत के लिए टेस्ट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले विकेटकीपर बन गए है। ऋषभ पंत ने अब तक कुल 44 टेस्ट मैच खेले हैं। इसमें 3082 रन बनाए हैं, जिसमें 7 शतक और 15 अर्धशतक शामिल हैं।
भारत के तीन बल्लेबाजों ने जड़े शतक
भारतीय पारी की शुरुआत यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने की, जिन्होंने पहले विकेट के लिए 91 रनों की साझेदारी की। राहुल 42 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद जायसवाल और कप्तान शुभमन गिल ने पारी को आगे बढ़ाया। गिल ने 147 रनों की शानदार पारी खेली। फिर ऋषभ पंत ने आकर मैदान पर तूफान मचा दिया। उन्होंने 134 रन बनाकर इंग्लिश गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया। हालांकि, इन तीनों के अलावा अन्य भारतीय बल्लेबाज प्रभावी प्रदर्शन नहीं कर सके। भारत ने पहली पारी में 471 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 3 विकेट खोकर 209 रन बना लिए हैं।
यह भी पढ़ेः IND vs ENG First Test : शतक के साथ यशस्वी जायसवाल ने साझा की अपनी दिलचस्प कहानी, जानिए क्या बोले