इंडोनेशिया में दो ट्रेनों की भिड़ंत, कई डिब्बे पलटे…चार की मौत – Utkal Mail

बांडुंग (इंडोनेशिया)। इंडोनेशिया के मुख्य द्वीप जावा में शुक्रवार को दो ट्रेन की भिड़ंत होने से कई डिब्बे पलट गए और कम से कम चार लोगों की मौत हो गयी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। राष्ट्रीय रेलवे ‘पीटी केरेटा एपी इंडोनेशिया’ के प्रवक्ता आयेप हनापी ने बताया कि यह हादसा वेस्ट जावा के बांडुंग शहर में किकालेंग्का स्टेशन से करीब 500 मीटर की दूरी पर हुआ।
उन्होंने बताया कि ईस्ट जावा प्रांत की राजधानी सुराबाया से 287 यात्रियों को लेकर बांडुंग जा रही एक ट्रेन ने सुबह करीब साढ़े छह बजे किकालेंग्का स्टेशन से पडालारांग जा रही एक यात्री ट्रेन को टक्कर मारी। हनापी ने कहा, ‘‘दोनों दुर्घटनाग्रस्त ट्रेन के सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।’’ उन्होंने बताया कि हादसे में 28 लोग घायल हुए। उन्होंने बताया कि 22 लोगों को एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है जिनमें से ज्यादातर को सिर में चोटें आयी हैं।
वेस्ट जावा के पुलिस प्रवक्ता इब्राहिम टोम्पो ने बताया कि ट्रेन के चालक दल के कम से कम चार सदस्यों की मौत हो गयी है जिसमें यात्री ट्रेन का चालक और उसका सहायक भी शामिल है। टेलीविजन वीडियो में कई डिब्बे पलटे हुए या बुरी तरह क्षतिग्रस्त और एम्बुलेंस को घायलों को ले जाते हुए देखा गया। एक डिब्बा नजदीकी खेत में गिरा दिखायी दिया।
परिवहन मंत्रालय की प्रवक्ता अदिता इरावती ने दुर्घटना और जावा द्वीप पर रेल सेवाओं में बाधा के लिए माफी मांगी है। उन्होंने बताया कि हादसे की वजह की अभी जांच की जा रही है और रेल सेवा बहाल करने पर काम किया जा रहा है। इंडोनेशिया के दशकों पुराने रेल सड़क नेटवर्क खासतौर से क्रॉसिंग पर ट्रेन दुर्घटनाएं आम हैं।
ये भी पढ़ें:- कुवैत के अमीर ने पूर्व वित्त मंत्री को किया नया प्रधानमंत्री नियुक्त



