राजस्थान: 'शिक्षा से ही बालिकाओं का विकास सम्भव, हर क्षेत्र में मार रही हैं बाजी', राष्ट्रीय बालिका दिवस पर बोले जैसलमेर डीएम – Utkal Mail
जैसलमेर। जिला कलेक्टर प्रताप सिंह ने कहा कि शिक्षा से ही बालिकाओं का विकास सम्भव है, इसलिए बालिकाओं को उच्च शिक्षा अर्जित कर अपने जीवन को संवारना है एवं समाज में अपनी एक अलग पहचान बनानी है। उन्होंने कहा कि आज के युग में बालिकांए हर क्षेत्र में अपना अलग परचम लहरा रहीं है और वे पुरूषों-बालकों से किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं है।
जिला कलेक्टर सिंह ने बुधवार को डीआरडीए सभा कक्ष में महिला अधिकारिता एवं समग्र शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय बालिका दिवस एवं बालिका सप्ताह समापन समारोह के दौरान बालिकाओं को सम्बोधित करते हुए यह उद्गार व्यक्त किये।
समापन समारोह के अवसर पर पुलिस उपअधीक्षक प्रियंका कुमावत, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी नेनाराम जाणी, उपनिदेशक महिला अधिकारिता अशोक गोयल, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक रामनिवास शर्मा, सहायक निदेशक बाल अधिकारिता हिम्मत सिंह कविया, जिला साक्षरता एवं सतत् शिक्षा अधिकारी प्रभूराम राठौड़ के साथ ही अन्य अधिकारी एवं शिक्षिकाएं तथा बालिकाएं उपस्थित थी।
शिक्षा से ही जीवन की ऊंचाईयों को पांए बालिकाएं
जिला कलेक्टर ने बालिकाओं को राष्ट्रीय बालिका दिवस की बधाई देते हुए कहा कि बालिकाएं हमारे समाज एवं राष्ट्र का भविष्य है और उन्हें प्रोत्साहित करना, मार्ग दर्शन कर आगे बढ़ाना तथा उन्हें हर सम्मभव सम्बल प्रदान करना हमारा कर्तव्य है।
उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली शिक्षिकाओं एवं बालिकाओें को पुरस्कृत कर सम्मानित किया एवं उनका बहुमान किया। उन्होंने एडवेन्चर कार्यक्रमों में भाग लेने वाली बालिकाओं को बधाई दी एवं कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से उनका मनोबल बढ़ता है एवं जीवन में निखार भी आता है। उन्होंने इस मौके पर प्राचीनकाल में अपने-अपने क्षेत्र में श्रेष्ठ कार्यरत रही महिलाओं के वृतांत भी सुनाई एवं कहा कि समाज का विकास भी महिलाओं एवं बालिकाओं के सहयोग से ही सम्भव होता है।
अच्छी गुणवत्ता की शिक्षा दे
मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी नेनाराम जानी ने सम्भागी बालिकाओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही एक ऐसा सूत्र है जिससे बालिकाओं को जीवन के लक्ष्य को हासिल करने का मौका मिलता है। उन्होंने शिक्षिकाओं से आह्वान किया कि वे पूरे मनोयोग के साथ बालिकाओं को अच्छी गुणवत्ता की शिक्षा अर्जित करावें यही उनका पून्य कर्म है।
सप्ताह कार्यक्रमों की दी जानकारी
उपनिदेशक महिला अधिकारिता अशोक कुमार गोयल ने राष्ट्रीय बालिका सप्ताह कार्यक्रमों की रूपरेखा की जानकारी देते हुए बताया कि इस सप्ताह के दौरान 19 जनवरी से विविध कार्यक्रम आयोजित किये गये।
145 बालिकाओं व शिक्षिकाओं को किया सम्मानित
राष्ट्रीय बालिका दिवस पर जिला कलेक्टर एवं अन्य अतिथियों ने शिक्षा, खेल, संगीत, चित्रकला, नृत्य, आत्मरक्षा, मीना एवं गार्गी मंच क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 120 बालिकाओं एवं 25 शिक्षिकाओं/महिलाओं को सम्मानित किया गया। इस मौके पर चाईल्ड हेल्प लाईन 1098 की जिला समन्वयक सूर्या व्यास ने भी बालिकाओं के संरक्षण एवं अन्य बिन्दुओं पर विचार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में कुमारी मंजू ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओं विषय पर शानदार कविता पेश की वहीं कस्तूरबा गांधी विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत पेश किया। अतिथियों ने प्रारम्भ में मां सरस्वती की तस्वीर पर दीप प्रज्वलित किया। कार्यक्रम में सीबीईओ रमेश दत्त सुथार, संरक्षण अधिकारी महिला अधिकारिता चंद्रवीर सिंह, गिरधारी राम पीईओ समग्र शिक्षा उपस्थित थे।
ये भी पढे़ं- ममता बनर्जी की कार का एक्सीडेंट… माथे पर लगी चोट, बैठक से लौटते समय हुआ हादसा



