राजस्थान: कोटा में नीट की तैयारी कर रहे एक और छात्र ने की खुदकुशी – Utkal Mail

जयपुर। कोचिंग हब कहे जाने वाले राजस्थान के कोटा में नीट की तैयारी कर रहे एक और छात्र ने खुदकुशी कर ली। दादाबाड़ी थाना क्षेत्र में हॉस्टल के कमरे में गुरुवार को छात्र मृत पाया गया। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी पर रखवा दिया है। साथ ही उसके परिजनों को इसकी सूचना दे दी है।
जानकारी के मुताबिक, बिहार के भागलपुर का रहने वाला छात्र ऋषित अग्रवाल कोटा से एक हॉस्टल में रहकर अंडरग्रेजुएट मेडिकल एंट्रेंस एग्जाम यानी नीट की तैयारी कर रहा था। जब आज काफी देर तक ऋषित ने अपने कमरे का दरवाजा नहीं खोला तो दूसरे छात्रों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। जिसके बाद आनन-फानन में पहुंची पुलिस छात्र को लेकर अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जिसके बाद पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाने के साथ ही उसके परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। अब उनके आने पर ही शव का पोस्टमॉर्टम होगा। हालांकि अभी तक छात्र के खुदकुशी करने की वजह का पता नहीं चल सका है। फिलहाल पुलिस पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। बता दें, कोटा में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र के खुदकुशी की 13वीं घटना है। जबकि साल 2023 में 29 छात्रों ने खुदकुशी की थी।
ये भी पढ़ें- ‘NEET-UG’ मामले में CBI का बड़ा एक्शन, पटना से दो लोग किए गए गिरफ्तार



