हरियाणा में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान, जानें मतदान और मतगणना की डेट – Utkal Mail
नई दिल्ली। हरियाणा की सभी 90 विधानसभा सीट के लिए एक अक्टूबर को मतदान होगा तथा मतगणना चार अक्टूबर को होगी। मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने शुक्रवार को यह घोषणा की।
राजीव कुमार द्वारा घोषित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए अधिसूचना पांच सितंबर को जारी होगी तथा नामांकन 12 सितंबर तक दाखिल किए जा सकते हैं। निर्वाचन आयोग (ईसी) द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार नाम वापसी की आखिरी तारीख 16 सितंबर होगी। कुमार ने बताया कि मतदान एक चरण में एक अक्टूबर को होगा और चार अक्टूबर को मतगणना होगी।
उन्होंने कहा कि हरियाणा के कुल 90 विधानसभा क्षेत्रों में 2.01 करोड़ मतदाता हैं जिनमें 95 लाख महिलाएं हैं हरियाणा में वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार है। इसका कार्यकाल तीन नवंबर को पूरा हो रहा है।
पिछले विधानसभा चुनाव के बाद राज्य में भाजपा ने जननायक जनता पार्टी (जजपा) के साथ मिलकर गठबंधन की सरकार बनाई थी। हालांकि लोकसभा चुनाव में सीट साझेदारी को लेकर असहमति के बाद यह गठबंधन टूट गया था। बाद में भाजपा ने निर्दलीय विधायकों के समर्थन के दम पर अपनी सरकार बचा ली।
ये भी पढ़ें- ‘यह राज्य मशीनरी की पूर्ण विफलता है’, आरजी कर अस्पताल में तोड़फोड़ पर कलकत्ता हाईकोर्ट सख्त



