भारत

भाजपा में शामिल होने की अटकलों के बीच दिल्ली पहुंचे झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन – Utkal Mail

रांची/जमशेदपुर। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेता और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन भाजपा में शामिल होने की अटकलों के बीच रविवार को दिल्ली पहुंचे। सूत्रों ने यह जानकारी दी। सोरेन के एक करीबी सहयोगी ने दावा किया कि पूर्व मुख्यमंत्री रविवार को कोलकाता से राष्ट्रीय राजधानी के लिए रवाना हुए। उन्होंने और ब्योरा देने से इनकार कर दिया।

दिल्ली पहुंचने के तुरंत बाद चंपई सोरेन ने पत्रकारों से कहा कि उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के किसी नेता से मुलाकात नहीं की है और वह राष्ट्रीय राजधानी में एक ‘निजी’ यात्रा पर हैं। शुक्रवार को मीडिया में आईं कुछ खबरो में दावा किया गया था कि झारखंड विधानसभा चुनाव से पहले सोरेन भाजपा में शामिल हो सकते हैं। लेकिन सोरेन ने शनिवार को कहा था कि उन्हें अटकलों के बारे में कोई जानकारी नहीं है।

जमशेदपुर रवाना होने से पहले उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा था, ‘‘मुझे ऐसी अटकलों और खबरों के बारे में कुछ नहीं पता… मैं जहां हूं, वहीं हूं…।’’ जब भाजपा विधायक और नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी से सोरेन के भाजपा में शामिल होने की अटकलों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘‘मेरे पास कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है। मुझे केवल मीडिया के माध्यम से जानकारी मिल रही है।’’ 

ये भी पढ़ें- अस्पताल के बिस्तरों के नीचे रखे गए हैं बम…, राजस्थान के कई अस्पतालों को ई मेल के जरिये मिली धमकी


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button