भारत

कोलकाता पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस के सांसद को जारी किया समन, इस मामले में होगी पूछताछ – Utkal Mail

कोलकाता। कोलकाता पुलिस ने रविवार को तृणमूल कांग्रेस के सांसद सुखेंदु शेखर रॉय को तलब किया। इससे कुछ घंटे पहले ही रॉय ने मांग की थी कि केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) कोलकाता के पुलिस आयुक्त और आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के पूर्व प्राचार्य से पूछताछ करे।

सरकारी आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एक महिला चिकित्सक के बलात्कार और हत्या मामले की जांच अब सीबीआई के पास है। रॉय ने इससे पहले दिन में सीबीआई से निष्पक्ष कार्रवाई करने का आह्वान किया था और मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के पूर्व प्राचार्य और पुलिस आयुक्त को हिरासत में लेकर पूछताछ करने की मांग की थी ताकि पता चल सके कि ‘‘आत्महत्या की बात किसने और क्यों फैलाई।’’

पुलिस के एक सूत्र ने बताया कि कोलकाता पुलिस ने रॉय को घटना के संबंध में कथित तौर पर गलत सूचना पोस्ट करने के लिए रविवार को शाम लालबाजार स्थित अपने मुख्यालय में अधिकारियों के समक्ष पेश होने को कहा है। यह पूछे जाने पर कि क्या समन का पुलिस आयुक्त पर रॉय की टिप्पणी से कोई संबंध है, सूत्र ने जवाब देने से इनकार कर दिया, लेकिन कहा कि तृणमूल कांग्रेस के सांसद ने कुछ दिन पहले चिकित्सक की मौत की जांच के दौरान कोलकाता पुलिस द्वारा संबंधित अस्पताल में खोजी कुत्तों को ले जाए जाने पर टिप्पणी की थी।

महिला चिकित्सक के माता-पिता ने दावा किया था कि उन्हें नौ अगस्त की सुबह फोन पर बताया गया कि उनकी बेटी ने उस अस्पताल में आत्महत्या कर ली है, जहां वह काम करती थी। कोलकाता के पुलिस आयुक्त विनीत गोयल ने कहा है कि पुलिस बल से किसी ने भी माता-पिता को फोन करके यह नहीं बताया कि उनकी बेटी ने आत्महत्या कर ली है। आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के पूर्व प्राचार्य संदीप घोष से सीबीआई ने चिकित्सक की मौत की जांच के सिलसिले में शुक्रवार और शनिवार के साथ-साथ रविवार को भी पूछताछ की।

ये भी पढ़ें- सुप्रीम कोर्ट ने कोलकाता में डॉक्टर से बलात्कार-हत्या के मामले में लिया संज्ञान, 20 अगस्त को सुनवाई


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button