भारत

अनिल विज का तंज- विनेश अगर ‘देश की बेटी’ से ‘कांग्रेस की बेटी’ बनना चाहती हैं तो हमें क्या आपत्ति हो सकती है – Utkal Mail

चंडीगढ़। हरियाणा भाजपा के वरिष्ठ नेता अनिल विज ने शुक्रवार को पहलवान विनेश फोगाट के कांग्रेस में शामिल होने पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अगर वह ‘देश की बेटी’ से ‘कांग्रेस की बेटी’ बनना चाहती हैं तो उन्हें क्या आपत्ति हो सकती है। उनसे हरियाणा से ताल्लुक रखने वाली फोगाट और एक अन्य पहलवान बजरंग पूनिया के बारे में पूछा गया था। दोनों ही राज्य में विधानसभा चुनाव से पहले शुक्रवार को कांग्रेस में शामिल हो गए।

हरियाणा के पूर्व गृह मंत्री ने कहा, “…अगर वो देश की बेटी से कांग्रेस की बेटी बनना चाहती है, तो हमें क्या ऐतराज है।” विज ने कहा कि कांग्रेस पहले दिन से ही इन खिलाड़ियों को अपने साथ लाने का प्रयास कर रही थी और उनकी शह पर ही पहलवानों ने दिल्ली में आंदोलन शुरू किया। उन्होंने कहा कि यह उनकी (कांग्रेस की) शह के कारण है कि (दिल्ली में) विरोध प्रदर्शन चल रहा था, अन्यथा मामला बहुत पहले ही सुलझ गया होता।

फोगाट और पूनिया, दोनों 30 वर्ष के हैं, उन्होंने राष्ट्रीय राजधानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और अन्य वरिष्ठ नेताओं से उनके 10, राजाजी मार्ग स्थित आवास पर मुलाकात की और एआईसीसी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में आधिकारिक रूप से पार्टी में शामिल हो गए। इसके अलावा, फोगाट ने शुक्रवार को व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए भारतीय रेलवे से इस्तीफा दे दिया।

पूनिया तोक्यो ओलंपिक खेलों के कांस्य पदक विजेता हैं, जबकि फोगाट ओलंपिक फाइनल में पहुंचने वाली पहली महिला पहलवान बनीं। हालांकि, उन्हें 50 किलोग्राम वर्ग के वजन में लगभग 100 ग्राम वजन अधिक पाए जाने के बाद अयोग्य घोषित कर दिया गया था। बाद में उन्होंने खेल से संन्यास की घोषणा की।

पूनिया और फोगाट 2023 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ के तत्कालीन प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन का हिस्सा थे। पिछले महीने पेरिस ओलंपिक से लौटने पर कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने दिल्ली हवाई अड्डे पर फोगाट का भव्य स्वागत किया था।

हुड्डा ने यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर सिंह के खिलाफ फोगाट और अन्य पहलवानों (जिनमें से ज्यादातर हरियाणा से थे) के आंदोलन का जोरदार समर्थन किया था। हरियाणा में 90 सदस्यीय विधानसभा के लिये पांच अक्टूबर को मतदान होगा और मतगणना आठ अक्टूबर को होगी।

यह भी पढ़ें:-कांग्रेस में शामिल होने से पहले विनेश फोगाट ने दिया भारतीय रेलवे से इस्तीफा, लिखा यह भावुक संदेश


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button