भारत

Aligarh News: Gujarat Police के साथ मिलकर ''जालसाज'' की जड़ों तक पहुंचने में जुटी अलीगढ़ पुलिस, जानें मामला – Utkal Mail

अलीगढ़। अलीगढ़ के मौलाना आजाद नगर के रहने वाले शाबाज खान नामक एक शातिर ठग की गुजरात में जालसाजी, छद्मवेश धारण, चोरी और आपराधिक साजिश के कई मामलों में संलिप्तता उजागर हुई है। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि अलीगढ़ पुलिस गुजरात पुलिस के साथ मिलकर शाबाज की जड़ों तक पहुंचने में जुटी है। पुलिस के अनुसार गुजरात पुलिस ने शाबाज खान को 20 अगस्त को दिल्ली में डकैती के आरोप में वंदे भारत ट्रेन से गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आयी कि आरोपी न केवल एक शातिर अपराधी है, बल्कि जालसाजी और चोरी में भी माहिर है।

पुलिस के मुताबिक शाबाज खान बार-बार अपनी पहचान बदलकर और खुद को भारतीय सेना का मेजर बताकर महिलाओं को अपने प्रेम जाल में फंसाने की साजिश भी रचता रहा है। अलीगढ़ के पुलिस अधीक्षक (शहर) एम. शेखर पाठक ने कहा, “गुजरात पुलिस ने अपनी जांच के दौरान कई जाली पहचान पत्र बरामद किए, जिनमें से कुछ अलीगढ़ से खान के संबंध की ओर इशारा करते हैं। इन सुरागों से कई राज्यों में फैले धोखाधड़ी के जाल का पता चला।” 

उन्होंने कहा कि गुजरात पुलिस से मिली जानकारी के आधार पर अलीगढ़ पुलिस खान की गतिविधियों की जांच में शामिल हो गई। उनके अनुसार पुलिस को एक ऐसे मामले का पता चला जिसमें खान ने पिछले साल सेना में मेजर होने का दावा करके एक युवती से शादी की थी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि महिला ने खान के फर्जीवाड़े की पुष्टि करते हुए पांच सितंबर को अलीगढ़ के बन्नादेवी थाने में उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई, जिसमें उसने उस पर भारतीय सेना में मेजर हर्षित चौधरी होने का झूठा दावा करने का आरोप लगाया। 

मार्च 2023 में हिंदू धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार उन दोनों की शादी हुई थी। प्राथमिकी के अनुसार, खान ने एक विवाह पोर्टल के जरिये संपर्क कर महिला को शादी के लिए राजी किया । खान ने उससे झूठ बोला कि वह राजस्थान में तैनात है, वह उसे अलीगढ़ में रखेगा और फिर अपने असली घर ले जाएगा। जिस महिला से उसने शादी की थी, उसे उसकी पहचान पर तब शक हुआ जब गुजरात पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने के बाद फोन किया। तब उसने बन्नादेवी थाने में एक प्राथमिकी दर्ज कराई। 

पुलिस अधीक्षक ने कहा, “अलीगढ़ पुलिस खान के पूरे आपराधिक इतिहास की जांच करने के लिए गुजरात पुलिस के साथ मिलकर काम कर रही है। खान द्वारा अन्य महिलाओं को ठगने के मामलों की भी जांच की जा रही है।” अलीगढ़ पुलिस ने खान पर धोखाधड़ी और बलात्कार समेत विभिन्न संबंधित धाराओं के तहत आरोप दर्ज किये हैं। पुलिस अधीक्षक ने कहा ने कहा कि वह वर्तमान में नयी दिल्ली की जेल में बंद है। 

यह भी पढ़ें:-मेरठ में दर्दनाक हादसा: Zakir Colony में तीन मंजिला मकान गिरने से सात की मौत, पांच अन्य घायल


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button