मिथुन चक्रवर्ती को 'दादा साहेब फाल्के' पुरस्कार से किया जाएगा सम्मानित, केंद्रीय मंत्री बोले- उनकी सिनेमाई यात्रा पीढ़ियों को प्रभावित करती है – Utkal Mail

नई दिल्ली। ‘मृगया’, ‘सुरक्षा’ और ‘डिस्को डांसर’ जैसी फिल्मों के मशहूर अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती को सिनेमा के क्षेत्र में सरकार के सर्वोच्च सम्मान ‘दादा साहेब फाल्के’ पुरस्कार के लिए सोमवार को नामित किया गया।
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर इस पुरस्कार के लिए अभिनेता के नाम की घोषणा की। मंत्री ने लिखा, ‘‘मिथुन दा की शानदार सिनेमाई यात्रा पीढ़ियों को प्रेरित करती है। यह घोषणा करते हुए गौरव महसूस हो रहा है कि ‘दादा साहेब फाल्के’ चयन समिति ने मशहूर अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती जी को भारतीय सिनेमा में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए यह पुरस्कार देने का फैसला किया है।’’
वैष्णव ने कहा कि चक्रवर्ती को यह पुरस्कार आठ अक्टूबर, 2024 को 70वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में दिया जाएगा। चक्रवर्ती (74) ने मृणाल सेन की 1976 में आई फिल्म ‘मृगया’ से फिल्मों में अभिनय की शुरुआत की थी जिसके लिए उन्होंने सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी जीता था। उन्हें ‘कसम पैदा करने वाले की’ और ‘कमांडो’ जैसी फिल्मों के लिए भी जाना जाता है।
ये भी पढ़ें : Happy Birthday Mehmood Ali, ट्रेनो में टॉफिया वाले से हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में कॉमेडी किंग बनने तक का सफर



