विदेश

सिंगापुर : भारतीय मूल के पूर्व मंत्री ईश्वरन दोषी करार, अगले महीने सुनाई जाएगी सजा  – Utkal Mail

सिंगापुर। लोक सेवक के रूप में कीमती वस्तुएं प्राप्त करने और न्याय में बाधा डालने के आरोपों में मंगलवार को दोषी ठहराए गए सिंगापुर के भारतीय मूल के पूर्व परिवहन मंत्री एस ईश्वरन को तीन अक्टूबर को सजा सुनाई जाएगी। एक मीडिया रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई।

‘चैनल न्यूज एशिया’ की रिपोर्ट के अनुसार, भ्रष्टाचार के आरोपों के संबंध में मंगलवार को सुनवाई के बाद 62 वर्षीय पूर्व परिवहन मंत्री की जमानत की अवधि बढ़ा दी गई। अभियोजन पक्ष ने 62 वर्षीय पूर्व मंत्री को छह से सात महीने की जेल की सजा दिए जाने का अनुरोध किया था। ईश्वरन ने कहा था कि वह स्वयं को ईमानदार साबित करने के लिए मुकदमा लड़ेंगे लेकिन सुनवाई के पहले ही दिन उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

न्यायमूर्ति विन्सेंट हुंग ने दलीलें पेश करने के लिए बचाव पक्ष और अभियोजन पक्ष को धन्यवाद दिया तथा कहा कि ईश्वरन की सजा पर विचार करने के लिए उन्हें समय चाहिए। ईश्वरन ने दंड संहिता की उस धारा 165 के तहत चार आरोपों को स्वीकार किया है, जो लोक सेवकों को आधिकारिक क्षमता में उनके साथ जुड़े किसी व्यक्ति से कोई भी कीमती चीज लेने से रोकती है। उन्होंने न्याय में बाधा डालने का एक आरोप भी स्वीकार किया है। सजा सुनाने के लिए अन्य 30 आरोपों पर विचार किया जाना था।

अभियोजन पक्ष ने ईश्वरन के लिए छह से सात महीने की कैद का अनुरोध किया जबकि बचाव पक्ष ने दलील दी कि यदि न्यायाधीश को लगता है कि इस मामले में जेल की सजा देना उचित है तो ईश्वरन को आठ सप्ताह से अधिक कारावास की सजा नहीं दी जानी चाहिए। आरोप पढ़े जाने के बाद ईश्वरन से पूछा गया कि क्या वह आरोप स्वीकार करते हैं।

न्यायमूर्ति विन्सेंट हुंग की अगुवाई वाली अदालत में ईश्वरन ने कहा, ‘‘मैं आरोप स्वीकार करता हूं।’’ डिप्टी अटार्नी जनरल ताई वेई श्योन्ग ने अदालत से कहा कि अभियोजन पक्ष ने दंड संहिता की धारा 165 के तहत भ्रष्टाचार के दो आरोपों के स्थान पर दो हल्के आरोप लगाये हैं। ईश्वरन पर लगे आरोप कारोबारी ओंग बेंग सेंग और निर्माण कंपनी के मालिक लुम कोक सेंग के साथ उनके संबंधों से जुड़े हैं। दोनों व्यवसायियों पर आरोप नहीं लगाए गए हैं।

आरोपों में जिन कीमती वस्तुओं को लेने का आरोप लगाया है उनमें थिएटर शो, फुटबॉल मैच और सिंगापुर एफ 1 ग्रां प्री के टिकट, व्हिस्की, अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की बुकिंग और होटल में ठहरना शामिल हैं। इसमें शामिल राशि 4,00,000 सिंगापुरी डॉलर (3,00,000 से अधिक अमेरिकी डॉलर) से अधिक है। यह सिंगापुर में किसी मंत्री के खिलाफ लगभग आधी सदी में भ्रष्टाचार का पहला मुकदमा है।

ईश्वरन को जब उनके विरुद्ध आपराधिक आरोप लगने के बारे में अधिसूचित किया गया तो उन्होंने उसके बाद जनवरी में अपने सरकारी पदों और ‘पीपुल्स एक्शन पार्टी’ से इस्तीफा दे दिया था। मुकदमे की शुरुआत में नया मोड़ तब आया जब मीडिया ने कहा कि अभियोजक लंबे समय से सत्तारूढ़ ‘पीपुल्स एक्शन पार्टी’ के पूर्व वरिष्ठ नेता ईश्वरन के खिलाफ केवल पांच आरोपों की सुनवाई को आगे बढ़ाएंगे।

ये भी पढ़ें : स्वीडन का दावा : ईरान ने भेजे थे हजारों SMS, 2023 में कुरान जलाने का बदला लेने की दी थी धमकी

 

 


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button