Devendra Fadnavis Oath: देवेन्द्र फडणवीस आज शाम को लेंगे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ, PM मोदी समेत ये दिग्गज होंगे शामिल – Utkal Mail

मुंबई। महाराष्ट्र की बागडोर एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र सरिता गंगाधरराव फडणवीस के हाथ में सौंपने की तैयारी पूरी हो चुकी है। शपथग्रहण समारोह यहां ऐतिहासिक आजाद मैदान में होगा। राज्य के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन फडणवीस को गुरुवार शाम को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाएंगे। शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी समेत 9 केंद्रीय मंत्री शामिल होंगे। साथ ही चंद्रबाबू नायडू, नीतीश कुमार और योगी आदित्यनाथ भी शामिल होंगे।
फडणवीस का यह मुख्यमंत्री पद के लिए तीसरा शपथ-ग्रहण होगा, लेकिन यह उनकी वास्तविक अर्थों में पूर्ण बहुमत वाली दूसरी सरकार होगी। वह पहली बार 2014-19 तक मुख्यमंत्री रहे। वर्ष 2019 के विधानसभा चुनावों के बाद तत्कालीन राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने उन्हें आनन-फानन में मुख्यमंत्री की शपथ दिलाई थी पर विधानसभा सदस्यों का पर्याप्त समर्थन न होने के कारण उन्हें इस्तीफा देना पड़ा था।
फडणवीस ने बुधवार को महाराष्ट्र भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद महायुति गठबंधन के घटक दलों के नेताओं के साथ यहां राजभवन में राज्यपाल को समर्थन की चिठ्ठी दी और नयी सरकार बनाने का दावा पेश किया। फडणवीस के साथ राज्यपाल से मिलने गये नेताओं में शिव सेना के नेता एवं पूर्व निर्वतमान एकनाथ शिंदे और महायुति गठबंधन के तीसरे बड़े भागीदार एवं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता अजीत पवार तथा केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी शामिल थे।
इससे पहले फडणवीस को भाजपा के केन्द्रीय पर्यवेक्षक निर्माला सीतारमण और विजय रूपाणी की निगरानी में पार्टी विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से नेता चुना गया। उसके बाद महायुति गठबंधन के सदस्यों और नेताओं की एक अलग से बैठक हुई और वहां से गठबंधन के वरिष्ठ नेता फडणवीस के साथ नयी सरकार के गठन का दावा करने के लिए राजभवन पहुंचे। फडणवीस ने राज्यपाल को सहयोगी दलों नेताओं के समर्थन की चिट्ठी सौंपी।
राधाकृष्णन ने फडणवीस को गुरुवार शाम पांच बजे शपथ लेने के लिए आमंत्रित किया है। शपथग्रहण समारोह मुंबई के ऐतिहासिक आजाद मैदान में आयोजित किया जाएगा। समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उपस्थित होंगे। इस अवसर पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सरकार वाले मुख्यमत्रियों और वरिष्ठ नेताओं के भी शामिल होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें:-STF ने किया सीबीआई अधिकारी बनकर ‘डिजिटल अरेस्ट’ करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार