भारत

PWD अधिकारी पर लगा 5 रुपये का जुर्माना, चार साल से कर रहे थे यह काम – Utkal Mail

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश में हमीरपुर जिले के टौणीदेवी में पदस्थ लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी)के एक अधिकारी पर लगातार चार साल तक पंचायत समिति की बैठक में शामिल नहीं होने की वजह से पांच रुपये का जुर्माना लगाया गया है। समिति के अध्यक्ष हरीश शर्मा ने मंगलवार को बताया कि पंचायत समिति हमीरपुर की त्रैमासिक बैठक में लोक निर्माण विभाग मंडल टौणीदेवी के अधिकारी पर जुर्माना लगाया गया है। हमीरपुर पंचायत समिति की त्रैमासिक बैठक सोमवार को शर्मा की अध्यक्षता में हुई। 

शर्मा ने बताया कि पांच रुपये का जुर्माना अधिकारी को अपने कर्तव्यों का एहसास कराने और दूसरों को संदेश देने के लिए सांकेतिक रूप से लगाया गया है। इस कार्रवाई का उल्लेख अधिकारी की वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट (एसीआर) में किया जाएगा। बैठक में विकास कार्यों की नई रूपरेखा तैयार करने के साथ 15वें वित्त आयोग के बजट पर भी चर्चा की गई। इसमें प्रखंड समिति सदस्यों के अलावा बीडीसी उपाध्यक्ष संजीव शर्मा और बीडीओ हमीरपुर हिमांशी शर्मा भी मौजूद थे। बीडीसी अध्यक्ष हरीश शर्मा ने कहा कि टौणीदेवी मंडल के लोक निर्माण विभाग के अधिकारी बार-बार चेतावनी के बावजूद बैठक से अनुपस्थित रहे। 

उन्होंने कहा कि इससे विभागीय विकास कार्य प्रभावित हो रहा था। उन्होंने कहा कि सभी सदस्यों की सहमति से निर्णय लिया गया है कि पांच रुपये का जुर्माना लगाया जाए। हालांकि, लोक निर्माण विभाग मंडल के अधिशाषी अभियंता देवराज ने बताया कि उन्हें बैठक की जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि वह पता करेंगे कि बैठक के संबंध में उनके कार्यालय को कोई सूचना मिली है या नहीं। 

ये भी पढ़ें- शिंदे ने जेपी नड्डा को लिखा पत्र, दिल्ली चुनाव में भाजपा उम्मीदवारों को दिया समर्थन 


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button