भारत

महाराष्ट्र में जीबीएस के 5 नए मामले सामने आए, कुल संख्या 163 पहुंची, जानिए क्या है GBS – Utkal Mail

पुणे। पुणे में पांच और लोगों के ‘गुलियन बैरे सिंड्रोम’ (जीबीएस) से संक्रमित होने का पता चलने के बाद महाराष्ट्र में इस दुर्लभ तंत्रिका विकार से संक्रमण के संदिग्ध मामलों की संख्या बढ़कर 163 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने सोमवार को बताया कि राज्य में इस बीमारी से अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है। 

उन्होंने कहा, ‘‘पांच मामले सामने आए हैं, हालांकि सोमवार को किसी की मौत नहीं हुई और 127 लोगों में जीबीएस की पुष्टि हुई है। संदिग्ध मामले 163 हैं, जिनमें पुणे शहर में 32, पुणे नगर निगम क्षेत्र में जोड़े गए नए गांवों से 86, पिंपरी चिंचवड में 18, पुणे ग्रामीण में 19 और अन्य जिलों में आठ मामले शामिल हैं।’’ 

अधिकारी ने बताया कि 163 मरीजों में से अब तक 47 को छुट्टी दे दी गई है, 47 मरीज गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में हैं और 21 वेंटिलेटर पर हैं। उन्होंने बताया कि पुणे शहर के विभिन्न स्थानों से पानी के कुल 168 नमूने रासायनिक और जैविक विश्लेषण के लिए सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रयोगशाला भेजे गए थे। 

उन्होंने बताया कि आठ जल स्रोतों के नमूने दूषित पाए गए। जीबीएस एक दुर्लभ विकार है, जिसमें शरीर के हिस्से अचानक सुन्न पड़ जाते हैं और मांसपेशियों में कमजोरी आ जाती है। इसके साथ ही इस बीमारी में हाथ-पैरों में गंभीर कमजोरी जैसे लक्षण भी होते हैं। माना जाता है कि दूषित भोजन और पानी में पाया जाने वाला ‘बैक्टीरिया कैम्पिलोबैक्टर जेजुनी’ इस प्रकोप का कारण है।  

गुलियन बैरे सिंड्रोम क्या है

​यूएस एनआईएच के अनुसार, जीबीएस एक दुर्लभ न्यूरोलॉजिकल डिसऑर्डर है जिसमें इम्यून सिस्टम गलती से पेरिफेरल नर्वस सिस्टम यानी नसों पर हमला करने लगता है। जाहिर है नसों का नेटवर्क दिमाग और रीढ़ की हड्डी के बाहर होता है। यह कोई जेनेटिक या संक्रामक रोग नहीं है और चिंता की बात यह है कि इसके सटीक कारणों का अभी किसी को नहीं पता है।

यह भी पढ़ें:-लोकसभा में वक्फ बिल पर भड़के ओवैसी, कहा- मैं सरकार को चेतावनी दे रहा हूं… मुस्लिम समुदाय इसे खारिज कर देगा


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button