भारत

बिहार विधानसभा चुनाव के बाद भी भाजपा नीतीश का समर्थन करेगी: सम्राट चौधरी – Utkal Mail

पटना। बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जनता दल (यूनाइटेड) के अध्यक्ष नीतीश कुमार का एक और कार्यकाल के लिए समर्थन करेगी। चौधरी ने उन अटकलों को खारिज कर दिया कि बिहार विधानसभा चुनाव के बाद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) किसी नए चेहरे को आगे बढ़ा सकता है।

चौधरी ने एक न्यूज एजेंसी से बातचीत के दौरान यह भी कहा कि कुमार के बेटे निशांत का पार्टी में आना उनका (नीतीश कुमार का) ‘‘व्यक्तिगत’’ और जद(यू) का ‘‘आंतरिक’’ मामला है। उन्होंने राज्य में राजग के मुख्य प्रतिद्वंद्वी तेजस्वी यादव को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद द्वारा ‘‘मात्र प्रतिनिधि’’ करार दिया। 

यह पूछे जाने पर कि अगले बिहार विधानसभा चुनाव में राजग में मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होंगे, इस पर चौधरी ने कहा, ‘‘बिहार की राजनीति में यह पूरी तरह से स्पष्ट है कि राजग के नेता नीतीश कुमार हैं। वह 1996 से गठबंधन के नेता हैं। भारतीय जनता पार्टी इनके नेतृत्व में सहज रही है। कल भी नीतीश थे, आज भी नीतीश हैं और कल भी नीतीश कुमार ही रहेंगे।’’ 

यह पूछे जाने पर कि इन दिनों नीतीश कुमार के 47 वर्षीय पुत्र निशांत के राजनीति में शामिल होने की चर्चा जोरों पर है ऐसे में उनकी क्या भूमिका रहेगी, इस पर चौधरी ने कहा, ‘‘वह नीतीश जी का व्यक्तिगत मामला है और जनता दल यूनाइटेड के अंदर की बात है। हम नीतीश कुमार जी के साथ समझौते में है और जनता दल यूनाइटेड का जो निर्णय होगा उसके साथ हम लोग खड़े रहेंगे।’’ उपमुख्यमंत्री ने अपने पूर्ववर्ती और वर्तमान में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव द्वारा कई लोकलुभावन वादों के माध्यम से पैदा की गई चर्चा को भी हल्के में लिया।

 बिहार विधानसभा के जारी सत्र में विपक्षी नेता के साथ बहुत तल्ख बहस और नोक-झोंक होने के बारे में पूछे जाने पर चौधरी ने कहा, ‘‘लालू जी के प्रतिनिधि हैं तेजस्वी यादव। लालू जी कह देंगे कि तेज प्रताप आज से हमारा नेता होगा, तो कल से बिहार की जनता तेजस्वी को पहचानना भूल जाएगी। लालू जी कह देंगे कि मीसा भारती हमारी नेता हैं, तो कल से लोग इन्हें पहचानना भूल जाएंगे। वह लालू जी के प्रतिनिधि के तौर पर काम कर रहे हैं। पहले राबड़ी देवी काम कर रही थीं आज तेजस्वी यादव काम कर रहे हैं। यह स्वाभाविक है।’’

यह भी पढ़ें:-मुख्यमंत्री योगी से डरते हैं आतंकी, मंदिर को छू भी नहीं पाएंगे… अपर्णा यादव ने अबू आजमी पर भी बोला तीखा हमला


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button