भारत

CM पद लेकर रेखा गुप्ता का बड़ा बयान, कहा- ‘नायक’ फिल्म के नायक जैसा महसूस कर रही हूं – Utkal Mail

नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को कहा कि इस पद के लिए चुने जाने के बाद उन्हें हिंदी फिल्म ‘नायक’ के नायक जैसा महसूस हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह कोई ‘लॉटरी’ नहीं बल्कि देश की सभी बेटियों के लिए सम्मान है। ‘एक न्यूज चैनल के कॉन्क्लेव’ को संबोधित करते हुए गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में भाजपा सरकार तीन साल में यमुना की सफाई सुनिश्चित करेगी, यमुना में नौका सेवा शुरू करेगी और अगले दो वर्षों में तीन ‘लैंडफिल साइट’ को 80-90 प्रतिशत तक कम करेगी।

रेखा गुप्ता भाजपा शासित राज्यों में एकमात्र महिला मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार की अन्य प्राथमिकताएं यह सुनिश्चित करना है कि दिल्ली के लोगों को गर्मियों में पानी की कमी और मानसून के दौरान जलभराव का सामना नहीं करना पड़े। मुख्यमंत्री पद के लिए कई वरिष्ठ नेताओं और विधायकों के मुकाबले उन्हें तरजीह दिए जाने के बारे में पूछे जाने पर गुप्ता ने कहा, ‘‘किसी को कोई गलतफहमी नहीं होनी चाहिए। यह जीत दिल्ली की जनता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की वजह से है।’’ 

रेखा गुप्ता ने कहा, ‘‘यह कोई पद नहीं है, यह एक काम और जिम्मेदारी है। हमारा लक्ष्य विकसित भारत के लिए विकसित दिल्ली बनाना है।’’ उन्होंने इस बात को रेखांकित किया कि भारतीय समाज में महिलाओं को ‘‘फ्रंट फुट’’ पर आगे बढ़ने के अवसर नहीं मिलते हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में उनकी नियुक्ति देश की सभी बेटियों के लिए सम्मान की बात है और इसे लेकर काफी उत्साह है।

गुप्ता ने कहा कि एक महिला को मुख्यमंत्री के रूप में नियुक्त करना पार्टी और प्रधानमंत्री मोदी का एक बहुत ही महत्वपूर्ण दृष्टिकोण है और यह केवल एक ‘‘प्रतीकात्मक बदलाव’’ नहीं है, बल्कि महिलाओं को निर्णय लेने वाले उच्च पदों पर पदोन्नत करने का एक वास्तविक प्रयास है। गुप्ता ने कहा कि यह एक सपने के सच होने जैसा नहीं है। 

उन्होंने कहा कि वह अपने रास्ते पर आगे बढ़ रही थीं और तभी उन्हें इस पद के लिए चुना गया। दिल्ली की मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मैं ‘नायक’ फिल्म के नायक जैसा महसूस कर रही हूं। मैं यह नहीं कहूंगी कि यह लॉटरी लगने जैसा था। यह देश की सभी बेटियों का सम्मान है और मोदी जी ने महिला-नेतृत्व वाले विकास और महिला-नेतृत्व वाली सरकार के दृष्टिकोण को साकार किया है।’’ 

उन्होंने कहा कि दिल्लीवासी अब समझ गए हैं कि भाजपा की ‘‘डबल इंजन’’ की सरकार राष्ट्रीय राजधानी को विकसित शहर बनाने के लिए ‘‘सबसे अच्छा रास्ता’’ है। गुप्ता ने कहा कि पार्टी का पूरा नेतृत्व उनके साथ खड़ा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली के लोगों को नयी सरकार से बहुत उम्मीदें हैं। 

उन्होंने कहा कि वह बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने और दिल्ली को एक आधुनिक शहर बनाने की दिशा में काम करेंगी। उन्होंने कहा कि वायु प्रदूषण एक बड़ी चुनौती है जिसके लिए उनकी सरकार विशेषज्ञों के परामर्श से समयबद्ध तरीके से काम करेगी। 

गुप्ता ने कहा कि सरकार वायु प्रदूषण में योगदान देने वाले कारकों जैसे पराली जलाना और वाहनों से निकलने वाले उत्सर्जन को नियंत्रित करने के लिए गहनता से काम करेगी। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि वह लोगों के बीच रहेंगी, न कि ‘‘शीश महल’’ में। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस बंगले में पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल रहते थे, उसका इस्तेमाल सार्वजनिक उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।

यह भी पढ़ें:-बहराइच: कोतवाल नानपारा के खिलाफ पूर्व सांसद ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, लगाया होलिका दहन में विघ्न डालने का आरोप 


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button