भारत

नितिन गडकरी ने MP को दी फोरलेन की सौगात, बोले- मध्यप्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्ग का नेटवर्क अमेरिका से भी अच्छा होगा – Utkal Mail

धार (मप्र)। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बृहस्पतिवार को कहा कि आने वाले दो साल में मध्यप्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्ग का नेटवर्क अमेरिका से भी अच्छा बन जाएगा और एक साल के भीतर राज्य में तीन लाख करोड़ रुपये के बुनियादी अवसंरचना विकास के काम पूरे कर लिए जाएंगे। धार जिले में मुख्यमंत्री मोहन यादव की मौजूदगी में 5,800 करोड़ रुपये की लागत वाली 10 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के बाद गडकरी ने यह बात कही। 

केंद्रीय सड़क परिवहन और राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री ने जॉन एफ केनेडी का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने कहा था अमेरिकी सड़कें इसलिए अच्छी नहीं हैं क्योंकि अमेरिका अमीर है, बल्कि इसलिए कि अमेरिका अमीर है क्योंकि अमेरिकी सड़कें अच्छी हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मैं मध्यप्रदेश की जनता को विश्वास दिलाना चाहता हूं कि आने वाले दो साल के अंदर प्रदेश का राष्ट्रीय राजमार्ग सड़क नेटवर्क अमेरिका से भी अच्छा बनेगा।’’ गडकरी ने कहा कि कहा कि वह हवा में बातें नहीं करते हैं और जो भी वादा करते हैं, उसे डंके की चोट पर पूरा भी करते हैं। 

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री यादव मध्यप्रदेश को सुखी और समृद्ध बनाने के मिशन में जुटे हुए हैं और सभी क्षेत्रों में यह राज्य ‘बहुत तेजी’ से प्रगति कर रहा है। गडकरी ने कहा कि बतौर केंद्रीय मंत्री उन्होंने मध्यप्रदेश के इस विकास को बहुत नजदीक से देखा है। उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व मे भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद उन्हें राष्ट्रीय राजमार्ग का जिम्मा सौंपा गया और पिछले 11 साल में उन्होंने देश के सभी क्षेत्रों में कई सड़कें, फ्लाईओवर और पुल-पुलिया बनवाए। 

उन्होंने कहा, ‘‘मध्यप्रदेश बहुत तेजी से विकास कर रहा है।’’गडकरी ने कहा कि किसी भी देश के विकास में बुनियादी अवसंरचना विकास की बड़ी भूमिका होती है। ‘‘जल, ऊर्जा, परिवहन और संचार जहां होते हैं, वहां उद्योग और व्यापार बढ़ता है। जब उद्योग और व्यापार बढ़ता है वहां लोगों को रोजगार मिलता है और जहां रोजगार मिलता है, वहां गरीबी, भुखमरी और बेरोजगारी नहीं टिकती।’’ उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में भी बुनियादी अवसंरचना विकास के क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है। 

उन्होंने कहा, ‘‘मध्यप्रदेश में एक साल खत्म होगा तो लाख करोड़ रुपये के बुनियादी ढांचे का काम मैं पूरा करके दूंगा।’’ मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि सड़क परिवहन के क्षेत्र में गडकरी के नेतृत्व में देश में एक बड़ी क्रांति हो रही है। उन्होंने कहा कि अतीत में भारत की सड़कों में गड्ढे ढूंढकर उसका मजाक उड़ाया जाता था और चमचमाती सड़कों के लिए अमेरिका और यूरोप के देशों का नाम लिया जाता था। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में सड़क संपर्क के मामले में भारत दुनिया का सबसे अच्छा देश बनेगा। यादव ने कहा कि सड़क संपर्क के मामले में आज जिस गति से काम चल रहा है, उसने लोगों की जिंदगी बदलने का काम किया है। 

ये भी पढ़ें- मालगाड़ी के आगे कूदकर महिला और उसकी दो संतानों ने की आत्महत्या 


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button