जम्मू कश्मीर: पहलगाम में पर्यटकों पर आतंकियों ने की गोलीबारी, 5 पर्यटक घायल, सुरक्षाबलों ने चलाया सर्च ऑपरेशन – Utkal Mail

अनंतनाग। जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में मंगलवार को एक पर्यटक रिसॉर्ट में आतंकवादियों की ओर से की गई गोलीबारी में कम से कम 5 पर्यटक घायल हो गए और एक की हालत गंभीर है। घायल पर्यटकों को पहलगाम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसमें चार गैर कश्मीरी और दो स्थानीय लोग शामिल हैं। यह गोलीबारी पहलगाम की बैसरन घाटी के ऊपरी इलाकों में हुई है।
आतंकियों के इस कायराना हमले पर भाजपा नेता रविंदर रैना ने कहा, “पाकिस्तानी आतंकवादियों ने दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर कायराना आतंकी हमला किया है। कायर पाकिस्तानी आतंकवादी भारतीय सेना जम्मू-कश्मीर पुलिस और हमारे अर्ध सैनिक बलों के जांबाज वीरों का सामना नहीं कर सकते। इन कायर आतंकवादियों ने कश्मीर घूमने आए निहत्थे निर्दोष पर्यटकों को निशाना बनाया है। कुछ पर्यटकों को घायल अवस्था में स्थानीय अस्पताल में दाखिल किया गया है। सारे क्षेत्र की घेराबंदी सेना और पुलिस ने कर दी है। जो आतंकवादी इस हमले के गुनहगार हैं जो-जो इनके मददगार हैं उनको सजा दी जाएगी।
वहीं जम्मू-कश्मीर कांग्रेस अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा ने पहलगाम में गोलीबारी की घटना पर कहा, “यह निंदनीय है, खासकर पर्यटकों पर हमला होना बहुत निंदनीय है। एक तरफ भाजपा कहती है कि माहौल बिल्कुल ठीक है, हमने आतंकवादियों को भी खत्म कर दिया है, सब कुछ ठीक है। मुझे लगता है कि इसे अहंकार का मुद्दा बनाने के बजाय भाजपा को खामियां बतानी चाहिए। अगर भाजपा दावा करती है कि सब कुछ ठीक है तो उन्हें हकीकत पर बात करनी चाहिए, अगर स्थिति ठीक है तो यह सब क्यों हो रहा है? भाजपा और भारत सरकार को देश के लोगों को यह बताना चाहिए कि ऐसा क्यों हो रहा है। हम इस घटना की निंदा करते हैं।”



