आतंकवाद के खिलाफ कांगो ने किया भारत का समर्थन, अंतरराष्ट्रीय मंच पर आवाज उठाने का दिया आश्वासन – Utkal Mail

किन्शासा। कांगो ने आश्वासन दिया है कि वह आतंकवाद के खिलाफ भारत के संदेश को उन सभी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उठाएगा, जिसका यह मध्य अफ्रीकी देश सदस्य है। यह आश्वासन शिवसेना सांसद श्रीकांत एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल की यात्रा के दौरान दिया गया, जिसका उद्देश्य आतंकवाद के खिलाफ नयी दिल्ली की कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति और सीमा पार आतंकवादी गतिविधियों के साथ पाकिस्तान के कथित संबंधों को उजागर करना है।
किन्शासा स्थित भारतीय दूतावास ने प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने 25-27 मई तक कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य की यात्रा के दौरान वहां के राजनीतिक नेतृत्व के साथ उच्च स्तरीय बैठकें कीं। विज्ञप्ति में बताया गया कि प्रतिनिधिमंडल ने उप प्रधानमंत्री जीन-पियरे बेम्बा गोम्बो, विदेश मंत्री थेरेसे के. वैगनर, नेशनल असेंबली के अध्यक्ष विटल कामेरहे और सीनेट के अध्यक्ष जीन-मिशेल सामा लुकोंडे क्येंगे से मुलाकात की।
बैठकों के दौरान, कांगो के वरिष्ठ नेताओं ने पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों के परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की। विज्ञप्ति में कहा गया कि कांगों के नेताओं ने आतंकवादी कृत्यों की निंदा की और इस बात पर जोर दिया कि इसे किसी भी परिस्थिति में उचित नहीं ठहराया जा सकता। कांगो के नेताओं ने आतंकवाद के वैश्विक खतरे से निपटने के लिए अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की और भारत के साथ मिलकर काम करने का संकल्प जताया।
विज्ञप्ति में कहा गया, ‘विदेश मंत्री थेरेसे ने सीमा पार आतंकवाद के बारे में जानकारी साझा करने के लिए भारत का आभार व्यक्त किया। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई के लिए अपने देश का समर्थन व्यक्त किया और आश्वासन दिया कि उनका देश आतंकवाद के खिलाफ भारत के संदेश को सभी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उठाने के लिए तैयार है।’ शिंदे ने कांगो नेतृत्व द्वारा भारत के प्रति व्यक्त समर्थन और एकजुटता के लिए आभार व्यक्त किया।
ये भी पढ़े : 78th World Health Assembly : भारत ने Traditional Medicine का किया स्वागत, दोहरायी पारंपरिक चिकित्सा की प्रतिबद्धता