भारत

झारखंड: शादी समारोह में आम का लालच देकर मासूम बच्ची से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार – Utkal Mail

रांची। झारखंड के रांची जिले में एक विवाह समारोह में आम का लालच देकर पांच साल की बच्ची से दुष्कर्म करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना शुक्रवार शाम को राज्य की राजधानी रांची से लगभग 50 किलोमीटर दूर चान्हो के एक गांव में एक विवाह समारोह के दौरान हुई। 

अधिकारी ने बताया कि स्थानीय लोगों ने 25 वर्षीय आरोपी को पीटा और बाद में उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि अपराध करते समय व्यक्ति नशे की हालत में था। चान्हो पुलिस थाने के प्रभारी चंदन कुमार गुप्ता ने एक न्यूज एजेंसी को बताया, “पीड़िता की कल रात चिकित्सकीय जांच कराई गई। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे शनिवार को न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया जाएगा।”

अधिकारी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपी के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। गुप्ता ने पीड़िता के परिवार के बयान का हवाला देते हुए कहा, “पीड़िता और आरोपी एक ही गांव के निवासी हैं। आरोपी शुक्रवार को गांव में एक शादी समारोह में गया था। उसने बच्ची को आम का लालच दिया और उसे पास के एक बगीचे में ले गया। आरोपी ने वहां बच्ची से दुष्कर्म किया।” एक अन्य अधिकारी ने बताया कि घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोपी को पीटा और पुलिस ने उसे भीड़ से बचाया।  


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button