विदेश

Israel Attack on Iran: इजरायल ने ईरान के दो न्यूक्लियर साइट समेत कई मिलिट्री ठिकानों को बनाया निशाना, तेहरान में हुए कई विस्फोट, आपातकाल घोषित – Utkal Mail

Israel Attack on Iran: इजरायल ने ईरान पर बड़ा हमला किया, जिसमें ईरान के सैन्य ठिकानों और दो परमाणु सुविधाओं को निशाना बनाया गया। इजरायली रक्षा मंत्री ने बताया कि यह हमला ड्रोन और मिसाइलों के जरिए किया गया। इजरायली वायुसेना (IAF) ने 2025 की सबसे बड़ी सैन्य कार्रवाई करते हुए नतांज परमाणु सुविधा, बैलिस्टिक मिसाइल विकास केंद्र और प्रमुख परमाणु वैज्ञानिकों पर सटीक हवाई हमले किए। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि यह हमला ईरान के परमाणु खतरे को खत्म करने के लिए किया गया और यह अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक खतरा पूरी तरह समाप्त नहीं हो जाता। उन्होंने इसे इजरायल के अस्तित्व की रक्षा के लिए जरूरी बताया और इस अभियान को “ऑपरेशन राइजिंग लायन” नाम दिया।

 

इजरायली सरकार ने इसे एकतरफा और रक्षात्मक अभियान करार देते हुए कहा कि यह “लक्षित रक्षात्मक अभियान” है। नेतन्याहू ने दावा किया कि ईरान परमाणु हथियार हासिल करने के करीब है, जो पूरी दुनिया के लिए खतरा है। उन्होंने कहा कि इजरायल अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाएगा। ईरान ने भी हमले की पुष्टि की है।

 

अमेरिका की प्रतिक्रिया


अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि इजरायल ने इस हमले को आत्मरक्षा के लिए जरूरी बताया और अमेरिका को पहले सूचित किया था। हालांकि, अमेरिका इस ऑपरेशन में शामिल नहीं है और उसकी प्राथमिकता क्षेत्र में तैनात अपने सैनिकों की सुरक्षा है। उन्होंने चेतावनी दी कि ईरान को अमेरिकी कर्मियों को निशाना नहीं बनाना चाहिए। यह पहली बार है जब अमेरिका ने इजरायली कार्रवाई से खुद को स्पष्ट रूप से अलग किया, लेकिन रणनीतिक समर्थन और सतर्कता की बात भी की।

 

ईरान का जवाब


ईरान ने हमले की पुष्टि करते हुए इसे आक्रामक सैन्य कार्रवाई बताया। ईरानी रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि कुछ हमलों को विफल किया गया और अब जवाबी कार्रवाई की तैयारी चल रही है। ईरानी विदेश मंत्रालय ने संयुक्त राष्ट्र से तत्काल बैठक बुलाने की मांग की और इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताया। ईरानी सरकारी टीवी ने भी पुष्टि की कि इजरायल ने दो परमाणु स्थलों को निशाना बनाया।

 


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button