'कांटा लगा गर्ल' नाम से फेमस एक्ट्रेस शेफाली जरीवाला का 42 साल की उम्र में हुआ निधन, हार्ट अटैक बनी मौत की वजह – Utkal Mail

मुंबई, अमृत विचारः बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री और डांसर शेफाली जरीवाला का 42 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनकी मृत्यु का कारण दिल का दौरा बताया जा रहा है। शेफाली ने ‘कांटा लगा’ गाने के रीमिक्स वीडियो से रातोंरात प्रसिद्धि हासिल की थी और उन्हें ‘कांटा लगा गर्ल’ के नाम से भी जाना जाता था। इसके अलावा, उन्होंने बिग बॉस 13 में एक प्रतियोगी के रूप में हिस्सा लिया था, जहां उनकी लोकप्रियता ने दर्शकों का दिल जीता था। शुक्रवार की देर रात शेफाली को अचानक सीने में तेज दर्द हुआ, जिसके बाद उन्हें मुंबई के अंधेरी लोखंडवाला स्थित बेलेव्यू अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पति ने पहुंचाया अस्पताल
रिपोर्ट्स के अनुसार, शेफाली को उनके पति और तीन अन्य लोगों ने बेलेव्यू मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल पहुंचाया। तत्काल चिकित्सा सहायता के बावजूद, उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। अस्पताल के रिसेप्शन स्टाफ ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि शेफाली को अस्पताल लाए जाने से पहले ही उनकी मृत्यु हो चुकी थी। बाद में उनके शव को आगे की प्रक्रिया के लिए कूपर अस्पताल ले जाया गया। पत्रकार विक्की लालवानी ने इस दुखद घटना की जानकारी देते हुए एक पोस्ट साझा की, जिसमें उन्होंने बताया, “शेफाली को उनके पति और कुछ अन्य लोगों ने बेलेव्यू अस्पताल पहुंचाया था। अस्पताल स्टाफ ने पुष्टि की कि उनकी मृत्यु पहले ही हो चुकी थी।”
मनोरंजन जगत में शोक
शेफाली के अचानक निधन से बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। कई मशहूर हस्तियों ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। अभिनेत्री एली गोनी ने एक पोस्ट में लिखा, “रेस्ट इन पीस।” वहीं, राजीव अदातिया ने दुख जताते हुए कहा, “यह बहुत ही दुखद खबर है।” अभिनेत्री मोनालिसा ने हैरानी और दुख व्यक्त करते हुए लिखा, “यह क्या हो गया?” अभिनेत्री दिव्यांका त्रिपाठी ने भी शेफाली के निधन पर गहरा शोक जताया और एक्स पर लिखा, “शेफाली की खबर ने मुझे स्तब्ध कर दिया। वे बहुत जल्दी चली गईं। उनके परिवार और पति के लिए यह बहुत दुखद है।” शेफाली का जन्म गुजरात के अहमदाबाद में हुआ था और उन्होंने अपने करियर में कई यादगार परफॉर्मेंस दीं। उनके निधन की खबर से उनके प्रशंसक और मनोरंजन जगत गहरे सदमे में है। शनिवार देर रात उनके पति पराग को कूपर अस्पताल के बाहर देखा गया, जहां वे पोस्टमॉर्टम प्रक्रिया के बाद बेहद दुखी नजर आए। सोशल मीडिया पर उनके दुखद दृश्य वायरल हो रहे हैं, जिससे प्रशंसकों में और अधिक शोक फैल गया है। शेफाली के परिवार की ओर से आधिकारिक बयान और निधन से जुड़ी अन्य जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
यह भी पढ़ेः यूपी में अशांति फैलाने की कोशिश, सक्रिय हुईं सुरक्षा एजेंसियां, आरोपी सलाउद्दीन और उसकी पत्नी का खतरनाक प्लान