भारत

Jharkhand DGP: सोरेन सरकार ने अनुराग गुप्ता को पुलिस महानिदेशक के पद पर किया बहाल – Utkal Mail

रांची। झारखंड में विधानसभा चुनाव से पहले पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के पद से हटाए गए भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी अनुराग गुप्ता को हेमंत सोरेन सरकार ने बहाल कर दिया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अनुराग गुप्ता की बहाली बृहस्पतिवार को सोरेन द्वारा झारखंड के 14वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लिये जाने के कुछ घंटों बाद हुई।

‘‘अतीत में चुनाव संबंधी उल्लंघन का रिकॉर्ड होने’’ के कारण गुप्ता को विधानसभा चुनाव में डीजीपी पद से हटा दिया गया था और निर्वाचन आयोग ने 1989 बैच के झारखंड कैडर के सबसे वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अजय कुमार सिंह को 21 अक्टूबर को डीजीपी नियुक्त किया था। गृह, जेल एवं आपदा प्रबंधन विभाग की एक अधिसूचना में कहा गया, ‘‘अपराध जांच विभाग के महानिदेशक अनुराग गुप्ता को पुलिस महानिदेशक का प्रभार दिया गया है….डीजीपी अजय कुमार सिंह को झारखंड पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक का प्रभार दिया गया है।’’

राज्य में 13 और 20 नवंबर को दो चरणों में विधानसभा चुनाव हुए। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नीत गठबंधन ने 81 सदस्यीय झारखंड विधानसभा में 56 सीट पर कब्जा जमाकर शानदार जीत हासिल की, जबकि भारतीय जनता पार्टी नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने 24 सीट जीतीं। भारतीय पुलिस सेवा के 1990 बैच के अधिकारी गुप्ता को इससे पहले जुलाई में सिंह की जगह कार्यवाहक डीजीपी बनाया गया था।

इससे पहले, सिंह को उनके पूर्ववर्ती नीरज सिन्हा की सेवानिवृत्ति के बाद फरवरी 2023 में राज्य के डीजीपी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। पिछले साल सिंह की नियुक्ति से राज्य के डीजीपी के चयन को लेकर विवाद खत्म हो गया था। उच्चतम न्यायालय ने जनवरी 2023 में झारखंड सरकार और पूर्व पुलिस प्रमुख नीरज सिन्हा के खिलाफ अवमानना ​​याचिका का निपटारा कर दिया था। याचिकाकर्ता ने आरोप लगाया था कि सिन्हा 31 जनवरी 2022 को सेवानिवृत्त होने के बाद भी डीजीपी के पद पर बने हुए हैं। 

यह भी पढ़ें:-Sambhal Violence: जुमे की नमाज और अदालत में सुनवाई के मद्देनजर मंडल में अलर्ट, संभल में कड़े सुरक्षा प्रबंध


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button