खेल

पीवी सिंधु और किरण जॉर्ज इंडिया ओपन सुपर 750 के क्वार्टर फाइनल में, अब होगी इन खिलाड़ियों से होगी भिड़ंत – Utkal Mail

नई दिल्ली। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने बृहस्पतिवार को इंडिया ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया जबकि पुरुष एकल में किरण जॉर्ज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उम्मीद बनाये रखी। सिंधु ने जापान की 46वें नंबर की खिलाड़ी मनामी सुइजू को 21-15, 21-13 से हराया। पूर्व विश्व चैंपियन सिंधू अब पेरिस ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता ग्रेगोरिया मारिस्का तुनजुंग से भिड़ेंगी।

वहीं पुरुष वर्ग में किरण ने शानदार वापसी करते हुए छह गेम प्वाइंट बचाकर प्री-क्वार्टरफाइनल में एलेक्स लैनियर को 22-20, 21-13 से हराया। किरण अगले दौर में चीन के खिलाड़ी हांग यांग वेंग से भिड़ेंगे। किरण एलेक्स के खिलाफ मैच में 1-6 से पिछड़ रहे थे। लेकिन फ्रांसीसी खिलाड़ी की कई सहज गलतियों ने भारतीय खिलाड़ी को वापसी करने का मौका दिया। एलेक्स के शानदार स्मैश के बावजूद किरण डटे रहे और ब्रेक तक तीन अंक की बढ़त बनाने में कामयाबी हासिल की। किरण ने 14-20 से पिछड़ने के बाद छह गेम प्वाइंट बचाए और फिर शुरुआती गेम जीत लिया। दूसरे गेम में किरण ने संघर्ष के बाद 14-11 से बढ़त बनाई। एलेक्स के स्मैश वाइड गए जबकि किरण ने हर मौके का फायदा उठाया। किरण ने 19-13 की बढ़त हासिल की और प्रतिद्वंद्वी की कुछ नेट गलतियों से भारतीय खिलाड़ी मैच जीत लिया। 

मैच के बाद किरण ने कहा, ‘‘मैं एक बार में एक अंक पर ध्यान लगाये था। मैं बढ़त के बारे में नहीं सोच रहा था। इससे मुझे पहला गेम जीतने में मदद मिली। मैंने बस संयम बनाये रखा। अब ध्यान अगले मैच पर लगा है। ’’ वहीं महिला एकल में सिंधू ने शानदार शुरुआत की और वह ब्रेक तक 11-6 से आगे थी।

हालांकि सुइजू ने थोड़े समय के लिए अंतर को 11-13 और 13-14 तक कम कर दिया लेकिन सिंधू हमेशा बढ़त बनाये रहीं। खिलाड़ी भारतीय जल्द ही 20-14 से आगे हो गई और सुइजू के नेट में हिट करने पर सिंधू ने गेम जीत लिया। दूसरे गेम में सिंधू ने 5-0 की बढ़त बना ली और ब्रेक तक वह 11-2 से आगे थीं। इसके बाद सुइजू के पास भारतीय खिलाड़ी के दबाव का कोई जवाब नहीं था। 

ये भी पढ़ें : Hockey Pro League : भुवनेश्वर में अगले महीने प्रो लीग मैचों के साथ सत्र का आगाज करेंगी भारतीय हॉकी टीमें


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button