मनोरंजन

Akanksha Dubey suicide case: आकांक्षा दुबे सुसाइड मामले में सिंगर समर सिंह हुए वाराणसी जेल से रिहा – Utkal Mail


वाराणसी। वाराणसी में भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे की मौत मामले में आरोपी सिंगर समर सिंह को जमानत के बाद गुरुवार को रिहाई मिल गई है। जमानतदारों के वैरिफिकेशन के बाद सुबह जेल से रिहा कर दिया गया। जिसके बाद समर दोस्तों के साथ आजमगढ़ के लिए रवाना हो गया। हालांकि इलाहाबाद हाईकोर्ट ने एक सप्ताह पहले ही समर सिंह को बॉन्ड पर रिहा करने का आदेश दिया था, जिसका परवाना परिजनों ने जिला जेल वाराणसी में दाखिल किया था।

प्रयागराज हाईकोर्ट में एक सप्ताह पहले न्यायमूर्ति समीर जैन ने समर सिंह की जमानत याचिका पर सुनवाई की थी। वकील ने कोर्ट से उनकी जमानत की मांग की और साक्ष्य पेश किए। आकांक्षा दुबे के वकील ने समर सिंह की जमानत का विरोध किया था लेकिन जज ने जेल में रखने के आधार को पर्याप्त नहीं माना। इसके बाद याचिका पर सुनवाई करते हुए जमानत मंजूर कर ली और एक-एक लाख के दो बांड जमा करने पर जमानत देने का आदेश दिया।

दीपावली के अवकाश के चलते जमानत के दस्तावेज और जमानतदारों का वैरिफिकेशन नहीं हो सका, बुधवार को सभी दस्तावेजों की जांच पूरी हो गई। गुरुवार सुबह जेल अधीक्षक की संस्तुति के बाद समर सिंह को रिहा कर दिया गया। बता दें कि गायक समर सिंह सात महीने से वाराणसी जेल में बंद था। 2 महीने पहले वाराणसी कोर्ट ने उसकी जमानत याचिका खारिज कर दी थी, जिसके बाद समर ने हाईकोर्ट में गुहार लगाई थी।

आकांक्षा की मां मधु दुबे के वकील सौरभ तिवारी ने कहा कि जमानत के खिलाफ अपील दायर करेंगे। सारनाथ में 26 मार्च को भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे का शव होटल के कमरे में लटकता मिला था। सारनाथ पुलिस ने मामले को आत्महत्या बताया था। लेकिन आकांक्षा की मां मधु दुबे इसे हत्या बताते हुए समर सिंह और दोस्त संजय सिंह के खिलाफ केस दर्ज कराया। जिसके बाद पुलिस ने गायक समर सिंह को 6 अप्रैल की देर रात गाजियाबाद से गिरफ्तार किया गया था।

संजय सिंह को 12 अप्रैल को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया था। आकांक्षा दुबे की मौत के बाद कई वीडियो सामने आए थे। वीडियो में वह रोते हुए बोली रही थी, “मुझे नहीं पता कि मैंने क्या गलती की है ? बस नहीं रहूंगी इस दुनिया में। यह मेरी आप लोगों से लास्ट टाकिंग है। अगर मुझे कुछ भी होता है, तो बस उसका जिम्मेदार समर सिंह है।” इसके अलावा समर सिंह पर धोखे का आरोप भी लगा लगया।

आकांक्षा ने अपने साथ होने वाली हर घटना के लिए गायक समर सिंह को जिम्मेदार ठहराया था। आकांक्षा दुबे का वीडियो सामने आने के बाद समर सिंह पर और सवाल उठने लगे थे। वीडियो आकांक्षा के ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट से पोस्ट हुआ था। आकांक्षा दुबे की मौत कैसे हुई, यह अभी भी पहेली बनी हुई है। मौत के दिन होटल से लेकर मालीक्यूबार तक के कई वीडियो सामने आए।

चंद घंटे पहले की इन तमाम वीडियो में आकांक्षा पूरी तरह से नॉर्मल और खुश दिखी। कुछ देर बाद सुसाइड से पहले वह इंस्टाग्राम पर लाइव थीं। इसमें वह फूट-फूट कर रोती नजर आईं। लेकिन, मौत की वजह अब तक क्लियर नहीं है। सवाल उठ रहे हैं कि आकांक्षा किस दबाव में थी? ऐसा कदम क्यों उठाया? इन सवालों के जवाब सात महीने बाद भी बाद भी नहीं मिले हैं।

ये भी पढ़ें- कुतुबखाना पुल: दिसंबर तक वादा पर मार्च से पहले काम पूरा होना मुश्किल


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button