खेल

Asian Champions Trophy 2023 : महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी करेगा रांची, जानिए कब से शुरू होगा टूर्नामेंट – Utkal Mail


 नई दिल्ली।  चेन्नई में पुरुष टूर्नामेंट के सफल आयोजन के बाद भारत इस साल 27 अक्टूबर से पांच नवंबर तक रांची में पहली बार महिलाओं के एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी (एसीटी) हॉकी टूर्नामेंट की मेजबानी करेगा।   टूर्नामेंट के सातवें सत्र का आयोजन हॉकी इंडिया और झारखंड सरकार के सहयोग से होगा। टूर्नामेंट में भारत के अलावा गत चैंपियन जापान, उपविजेता कोरिया, चीन, मलेशिया और थाईलैंड के भाग लेने की उम्मीद है। भारतीय महिला टीम 2016 में इसकी चैम्पियन बनीं थी। टीम 2018 में आयोजित अगले सत्र में उपविजेता रही थी। रांची ने इससे पहले 2012 से 2015 तक हॉकी इंडिया लीग के कई मैचों की मेजबानी की है। 

इस शहर में ही लीग की फ्रेंचाइजी टीम रांची रेज का घरेलू मैदान था। हाल के वर्षों में रांची के हॉकी स्टेडियम ने कई शीर्ष घरेलू आयोजनों की मेजबानी की है। यहां बड़ी संख्या में इस खेल के प्रशंसक है। झारखंड का हॉकी इतिहास समृद्ध है और राज्य के सात खिलाड़ियों को ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। इसमें जयपाल सिंह मुंडा, सिलबानुस डुंगडुंग, मनोहर टोपनो, अजीत लाकड़ा, निक्की प्रधान, सलीमा टेटे, स्वर्गीय माइकल किंडो और स्वर्गीय मारांग गोमके शामिल हैं। यहां जारी विज्ञप्ति में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा,  झारखंड एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी रांची 2023 में भाग लेने वाली एशिया की सर्वश्रेष्ठ महिला हॉकी टीमों का स्वागत करना हमारे लिए सम्मान की बात है। भारत पहली बार इसकी मेजबानी करेगा।

 उन्होंने कहा,  पिछले एक दशक में झारखंड में हॉकी की लोकप्रियता काफी बढ़ी है। राज्य के कई खिलाड़ियों ने इस दौरान जूनियर और सीनियर राष्ट्रीय टीम का प्रतिनिधित्व किया है। मुझे लगता है कि टूर्नामेंट का सातवां सत्र युवाओं को खेल से जुड़ने के लिए काफी प्रेरित करेगा।  इस मौके पर हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने कहा, मैं हॉकी इंडिया की ओर से झारखंड में हॉकी के विकास और प्रचार-प्रसार के लिए  मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के समर्थन के लिए हार्दिक आभार व्यक्त करना चाहता हूं।

ये भी पढ़ें :  Asia Cup 2023 : ‘एशिया कप में Suryakumar Yadav का चयन सही’, गौतम गंभीर ने की चयनकर्ताओं की तारीफ


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button