कांग्रेस प्रवक्ता ने किया रोहित शर्मा का अपमान, बताया 'मोटा' और सबसे खराब कप्तान, भाजपा ने किया पलटवार – Utkal Mail

लखनऊ। रोहित शर्मा की अगुवाई में भारतीय टीम रविवार को न्यूजीलैंड को पराजित कर चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के सेमीफाइनल में प्रवेश कर चुकी है। हालांकि, जब रविवार को भारत और न्यूजीलैंड के बीच मैच खेला जा रहा था तभी कांग्रेस पार्टी की प्रवक्ता शमा मोहम्मद ने टीम इंडिया के कैप्टन रोहित शर्मा को लेकर कुछ ऐसा बयान दिया है जिस पर हंगामा मच गया है। भाजपा ने उन पर बॉडी शेमिंग करने का आरोप लगाया है।
कांग्रेस प्रवक्ता शमा मोहम्मद ने क्या कहा?
कांग्रेस की प्रवक्ता शमा मोहम्मद ने टीम इंडिया के रोहित शर्मा को लेकर सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा- “रोहित शर्मा एक खिलाड़ी के तौर पर मोटे हैं! उन्हें वजन कम करने की जरूरत है।” कांग्रेसी प्रवक्ता शमा मोहम्मद ने आगे ये भी कहा कि रोहित शर्मा निस्संदेह भारत के अब तक के सबसे अप्रभावी कप्तान हैं। शमा की इस पोस्ट पर फैंस ने रोहित का बचाव किया और उनकी फिटनेस और कप्तानी का समर्थन किया। वहीं कुछ लोगों ने रोहित की फिटनेस पर सवाल भी उठाए। रोहित शर्मा भारत के सबसे सफल बल्लेबाजों में से एक हैं।



