धर्म

चैत्र नवरात्रि 2024 : महागौरी की पूजा के लिए उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम – Utkal Mail

कासगंज, अमृत विचार। चैत्र नवरात्रि पर्व पर मंगलवार को माता के आठवें स्वरूप की पूजा को शहर से लेकर कस्बों तक मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। भक्तों ने भगवती महागौरी की पूजा की और परिवार के कल्याण की कामना की। मंदिरों में माता की जय-जयकार के स्वर गूंजते रहे। आस्था का सैलाब दिखाई दिया।

जगत जननी महागौरी की पूजा के लिए सुबह सूर्य की पहली किरण से पहले ही श्रद्धालुओं का मंदिरों में पहुंचना शुरू हो गया। शहर के सरकुलर रोड स्थित चामुंडा मंदिर पर श्रद्धालुओं की सबसे अधिक भीड़ रही। माता के भक्तों ने कतारों में लगकर माता के दर्शन का इंतजार किया। बारी आने पर विधि विधान से मां महागौरी की पूजा की। शांतापुरी कालोनी स्थित काली मंदिर, संतोषी माता मंदिर, बिलराम गेट के पथवारी मंदिर, सोरों के पथवारी मंदिर, माता हुल्का देवी के मंदिर पर भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही। 

मंदिरों पर लगे लाउडस्पीकर पर माता के भजनों का प्रसारण किया जा रहा था। वातावरण जगत जननी की जय-जयकार से गुंजायमान था। सुबह से लेकर देर शाम तक मंदिरों में पूजा अर्चना का सिलसिला चलता रहा। जगह-जगह भंडारे लगाए गए। अमांपुर, सिढ़पुरा, पटियाली, गंजडुंडवारा, सोरों, सहावर, ढोलना, मोहनपुर सहित अन्य कस्बों में भी माता जगत जननी के आठवें स्वरूप की भक्तों ने पूजा की।

घरों में कन्या-लांगुरा का पूजन कर कराया भोजन
चैत्र नवरात्रि की अष्टमी को कई परिवारों में अष्टमी का पूजन होता है। ऐसे परिवारों में हवन किया गया। महागौरी की पूजा हुई। इसके बाद कन्या-लांगुरा का पूजन किया गया। उन्हें भोजन कराया गया। भोजन के बाद यथा सामर्थ दक्षिणा और दान दिया गया।

मां वैष्णों देवी के तर्ज पर सजा दरबार
जब मां चामुंडा मंदिर में भव्य दरबार सजाया गया है। अब तक सिर्फ साधारण सजावट होती थी, लेकिन इस बार मां वैष्णो देवी मंदिर की तर्ज पर मां चामुंडा मंदिर को सजाया गया है। दरबार सजाने के लिए आगरा से आए कारगीगरों ने बताया कि वे हर बार मां वैष्णों देवी का दरबार सजाते हैं, इस बार मां चामुंडा देवी का दरबार उसी तर्ज पर सजाया है। 

हवन कुंड में दी आहुतियां
मां चामुंडा मंदिर के परिसर में विशाल हवन कुंड बना हुआ है। इसमें श्रद्धालु सुबह से ही आहुतियां देने के लिए पहुंच रहे हैं। अष्ठम दिन मां महागौरी की आराधना के लिए हवन कुंड में आहुति देकर श्रद्धालुओं ने विश्व कल्याण की कामना की।

महिलाओं ने गाए माता के छंद 
शहर के सोरों गेट डाक घर के पास स्थित माता रानी मंदिर पर सुबह से माहौल भक्तिमय रहा। मंदिर में शाम को आरती हुई। आरती में बड़ी की संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। आरती के बाद भजन कीर्तन हुआ। महिलाओं ने माता के छंद गाए। इससे वातावरण भक्तिमय हो गया। भजन कीर्तन के समापन पर प्रसाद वितरित किया गया।

सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
मंदिरों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। चामुंडा मंदिर पर मेला लगा हुआ है। ऐसे में मां अष्ठम दिन मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ के चलते मुख्य द्वार पर ही बैरियर लगा दिए गए हैं। सिर्फ पैदल ही श्रद्धालु रास्ते से गुजर सकते हैं। इसके अलावा महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर महिला पुलिस मुस्तैद की गई है। इंस्पेक्टर रामवकील सिंह ने पुलिस बल के साथ मंदिर परिसर में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया है।  

बढ़ रही मां चामुंडा मंदिर पर लगे मेले की रौनक 
चैच नवरात्र पर शहर के चामुंडा माता रानी मंदिर परिसर में मेला लगा हुआ है। माता की पूजा अर्चन को शहरी और ग्रामीण क्षेत्र से पहुंचने वाले श्रद्धालु पूजा अर्चना के बाद मेले का आनंद ले रहे है। जिससे मेले की रौनक बढ़ी है। श्रद्धालुओं द्वारा की जा रही खरीददारी से दुकानदारों के चेहरे खिले हैं।

ये भी पढ़ें- कासगंज: बीते चुनावों के दौरान हुए पुराने विवादों और आपसी रंजिशों के बारे में लें जानकारी- एडीजी जोन आगरा


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button