धर्म

Amarnath Yatra 2024: जम्मू से अमरनाथ तीर्थयात्रियों का पहला जत्था कल होगा रवाना, सुरक्षा के कड़े इंतजाम – Utkal Mail

जम्मू। जम्मु-कश्मीर में पवित्र अमरनाथ यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का पहला जत्था शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच यहां भगवती नगर यात्री निवास आधार शिविर से रवाना होगा। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि अमरनाथ श्रद्धालुओं के पहले जत्थे को कल सुबह यात्री निवास से रवाना किया जाएगा। जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने तीर्थयात्रियों की सुचारू यात्रा के लिए व्यापक व्यवस्था की है। जम्मू संभागीय आयुक्त रमेश कुमार ने जम्मू क्षेत्र के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक आनंद जैन के साथ अमरनाथ यात्रा के लिए प्रशासन की ओर से की गयी तैयारियों का निरीक्षण किया। 

अधिकारियों ने अमरनाथ पवित्र यात्रा के लिए यात्री निवास में आने वाले तीर्थयात्रियों को सभी सुविधाएं और सेवाएं निर्बाध रूप से प्रदान करने के निर्देश जारी किये हैं। उन्होंने चौबीसों घंटे नियंत्रण कक्ष के कामकाज की निगरानी करने तथा आवश्यक सेवाओं के प्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जबकि परिवहन अधिकारियों को यात्रियों की जानकारी के लिए निजी टैक्सियों तथा तिपहिया वाहनों की दरों का व्यापक प्रचार करने को कहा। 

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस साल, प्रशासन और सुरक्षा बलों ने तीर्थयात्रा के सुचारू संचालन के लिए विशेष व्यवस्था की है। शांतिपूर्ण यात्रा के लिए एक बहु-स्तरीय सुरक्षा ग्रिड बनाया गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग, गुफा मार्गों और आधार शिविरों पर सैनिकों की पर्याप्त तैनाती के अलावा, निगरानी बनाए रखने के लिए तकनीक का अधिकतम उपयोग भी किया जा रहा है। 

उन्होंने बताया कि जम्मू में अमरनाथ आधारशिविर के आसपास त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गयी है, जिसका जिम्मा जम्मू-कश्मीर पुलिस की सुरक्षा शाखा के पास है। जम्मू से वार्षिक यात्रा की सुरक्षित शुरुआत सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा बलों ने तलाशी और सैनिटाइजेशन अभियान चलाया है। जम्मू शहर में ठहरने की जगहों और पंजीकरण केंद्रों पर भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि तीर्थयात्रियों की परेशानी मुक्त आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने गुफा मंदिर की ओर जाने वाली सड़क को उन्नत किया है।

इस बीच अमरनाथ यात्रा को ध्यान में रखते हुए जम्मू-कश्मीर यातायात पुलिस ने गुरुवार को यातायात की आवाजाही पर प्रतिबंध की घोषणा की। यातायात पुलिस की सलाह पर प्रशासन ने विभिन्न स्थानों पर वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है। ये प्रतिबंध 28 जून से 19 अगस्त के बीच लागू रहेंगे। 

पर्यटकों और यात्रियों सहित आम लोगों से अनावश्यक असुविधा से बचने के लिए निर्देशों का सख्ती से पालन करने तथा अपनी यात्रा की योजना उसी के अनुसार बनाने का आग्रह किया है। जम्मू पर्यटन विभाग ने तीर्थयात्रियों के लिए ‘जम्मू दर्शन’ और उनकी यात्रा को यादगार बनाने के लिए दर्शनीय स्थलों की यात्रा की भी व्यवस्था की है। 

ये भी पढ़ें- अभिभाषण की प्रति लोकसभा के पटल पर रखी गई, कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button