बोकारो ः दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) बोकारो के छात्र विशाल राज ने एनडीए (नेशनल डिफेंस एकेडमी) की परीक्षा में आल इंडिया रैंक 128 हासिल कर अपने विद्यालय, शहर और राज्य का नाम रोशन किया है। विशाल ने इसी वर्ष 12वीं की परीक्षा में 94.6 प्रतिशत अंक के साथ उत्तीर्णता हासिल की थी, जबकि 10वीं में उसे 95.4 फीसद अंक मिले थे। विशाल ने बताया कि बचपन से ही वह देशसेवा में प्रत्यक्ष रूप से काम करना चाहता था और इसकी प्रेरणा उसे अपने पिता रवि राज से मिली, जो इंडियन आर्मी (थल सेना) में मेरठ में पदस्थापित हैं। उन्हीं से प्रेरित होकर उसने एनडीए में उत्तीर्णता पाई तथा इंडियन आर्मी को पहली प्राथमिकता दी। प्रशिक्षण के बाद वह सीधे लेफ्टिनेंट के पद पर ज्वाइन करेगा। ट्रेनिंग के लिए उसे 23 दिसंबर, 2022 को खडकवासला (पुणे) स्थित एनडीए मुख्यालय में रिपोर्ट करनी है। पिता के साथ-साथ उसकी मां शोभा देवी ने हर कदम पर उसकी मदद की।
एक बातचीत में विशाल ने बताया कि रोजाना लगभग नौ घंटे की पढ़ाई कर उसने यह कामयाबी पाई। इसके पीछे डीपीएस बोकारो की भूमिका को उसने अहम बुनियाद बताया। उसने कहा कि यहां के शैक्षणिक व प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण में सर्वांगीण विकास, व्यक्तित्व-निर्माण, नेतृत्व क्षमता तथा वाक-कुशलता आदि के गुर ने उसकी सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विशाल जहां अपने पिता रवि राज से प्रेरित है, वहीं ट्विटर के नए मालिक एलॉन मस्क को अपना आदर्श मानता है।
अपने विद्यालय के छात्र विशाल की इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्राचार्य ए. एस. गंगवार ने कहा कि यह डीपीएस बोकारो परिवार के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने विशाल को एक सफल सैन्य अधिकारी बनकर देश का नाम भी गौरवान्वित करने का संदेश दिया।