खेल

बल्लेबाजों का खराब प्रदर्शन चिंताजनक, ऑस्ट्रेलिया में कुछ खास करने का प्रयास करेंगे : रोहित शर्मा – Utkal Mail

मुंबई। कप्तान रोहित शर्मा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ श्रृंखला गंवाने के बाद स्वीकार किया कि स्टार बल्लेबाजों का खराब प्रदर्शन निश्चित रूप से भारत के लिए चिंता का विषय है। लेकिन, वादा किया कि टीम ऑस्ट्रेलिया में कुछ खास करने की कोशिश करेगी। न्यूजीलैंड ने श्रृंखला में मेजबान भारत को 3-0 से हरा दिया। रोहित (91) और विराट कोहली (93) तीन टेस्ट मैचों में 200 से कम रन बना पाए जो भारत की हार का प्रमुख कारण था। 

रोहित ने कहा, इसमें कोई संदेह नहीं है कि यह चिंता का विषय है। अगर बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रहे हैं, तो यह चिंता का विषय है। उन्होंने कहा, जो हो गया, सो हो गया। एक खिलाड़ी के तौर पर, एक कप्तान के तौर पर, एक टीम के तौर पर, हम सभी को आगे के बारे में देखना होगा। हमें देखना होगा कि हम यहां जो हासिल नहीं कर पाए, उसे कैसे सुधार सकते हैं। हमारे पास ऑस्ट्रेलिया में जाकर कुछ खास करने का अच्छा मौका है। हम इस पर ध्यान केंद्रित करेंगे। 

उन्होंने कहा, मुझे नहीं लगता कि हम इतने आगे के बारे में सोच सकते हैं। मैं ऑस्ट्रेलिया श्रृंखला से आगे नहीं सोचूंगा। ऑस्ट्रेलिया श्रृंखला हमारे लिए अब बहुत महत्वपूर्ण है। हम इसके बाद क्या होगा, इसके बारे में सोचने के बजाय श्रृंखला पर ध्यान केंद्रित करने की कोशिश करेंगे।  रोहित ने कहा, ‘‘हमारे कई खिलाड़ी पहले भी वहां खेल चुके हैं और कई खिलाड़ी पहले वहां नहीं खेले हैं, यही वजह है कि हम वहां थोड़ा पहले जाने की कोशिश कर रहे हैं ताकि हम परिस्थितियों के अभ्यस्त हो सकें।  ऑस्ट्रेलिया में भारत पिछली दो श्रृंखला जीत चुका है और रोहित ने कहा कि उन्हें उन जीत से आत्मविश्वास हासिल करना होगा। 

रोहित ने कहा, ऑस्ट्रेलिया में क्रिकेट खेलना आसान नहीं है। लेकिन ऑस्ट्रेलिया में पिछली दो श्रृंखला में हमने जिस तरह का प्रदर्शन किया, उससे हम काफी आत्मविश्वास हासिल कर सकते हैं। हमें अपने दिमाग में ऐसा ही सोचना होगा।  रोहित ने हाल में बल्लेबाजी करते समय बहुत आक्रामक और जोखिम भरा रवैया अपनाया है,और इसके परिणामस्वरूप वह जल्दी ही अपना विकेट गंवा रहे हैं। उन्होंने कहा, मैं अपने खेल पर फिर से गौर करूंगा और देखूंगा कि मैं क्या बेहतर कर सकता हूं। रोहित ने कहा कि उनके और कोहली के लिए यह महत्वपूर्ण है कि वे उन गलतियों को दूर करें जो उनके लिए कारगर नहीं रहीं। 

ये भी पढ़ें : IND vs NZ : ‘यह मेरे करियर का सबसे बुरा दौर होगा’, न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में हार के बाद बोले रोहित शर्मा

 


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button